सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने की लामणी, पत्नी के साथ सोनीपत में गांव बिधल के खेतों में पहुंचे

गांव चलो बस्ती चलो अभियान के तहत सोनीपत के गांव सलारपुर माजरा में कार्यक्रम समाप्त कर लौट रहे थे। तभी इस दौरान सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पिछले दिनों हुई आंधी-बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए अचानक कार्यक्रम बदल दिया। वे सीधे गांव बिधल पहुंच गए और किसान अजीत के खेत में पहुंचकर खुद लामणी करने लगे।

मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा अपनी पत्नी डॉ. रीता शर्मा के साथ खेत में पहुंचे, जहां मजदूर महिलाएं पुष्पा और पूनम लामणी कर रही थीं। मंत्री दंपति ने दोनों महिलाओं के साथ मिलकर खेत में काम किया। इसके बाद वे किसान परिवार के साथ खेत किनारे बैठकर भोजन भी किया।

इस दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा, कि यह लग्न की बात है। जिसे मिट्टी से प्यार होता है, खेत से प्यार होता है और हरियाणा से प्यार है, उसे खेत में उतरते ही मेहनत का जुनून अपने आप आ जाता है। मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोनों किसानों के बेटे हैं। सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है।

मंडियों में गेहूं की खरीद शुरू हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी किसान या भारतीय को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। हमारी सरकार एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है।

Back to top button