सलमान की ये हीरोइन रखती हैं राजघराने से ताल्लुक, शादी कर हो गई थीं फिल्मों से दूर

सलमान खान के साथ डेब्यू करने वालीं एक्ट्रेस भाग्यश्री पहली ही फिल्म से रातों रात सुपरस्टार बन गई थीं। 23 फरवरी 1969 को जन्मीं भाग्यश्री 50 साल की हो गई हैं। भले ही भाग्यश्री आजकल बॉलीवुड से दूर हो गई हों लेकिन उनके फैंस आज भी उनकी पहली फिल्म से उन्हें याद करते हैं। आज भाग्यश्री के जन्मदिन पर जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें।
भाग्यश्री का जन्म महाराष्ट्र के सांगली में पटवर्धन राजघराने में हुआ। उनके पिता विजय सिंहराव माधवराव पटवर्धन सांगली के राजा माने जाते हैं। तीन बहनों में भाग्यश्री सबसे बड़ी हैं। पहली फिल्म के बाद ही भाग्यश्री ने शादी का फैसला कर लिया।
पहली फिल्म मैंने प्यार किया से भाग्यश्री का स्टारडम चमक गया था। उनकी और सलमान खान की केमेस्ट्री को खूब पसंद किया गया। ऐसा माना जा रहा था कि भाग्यश्री उस दौर की बड़ी एक्ट्रेस को टक्कर देंगी लेकिन शादी के बाद उनका करियर खत्म हो गया। उन्होंने हिमालय दसानी से शादी कर ली।
शादी के बाद उन्होंने सिर्फ तीन फिल्मों में ही काम किया और वो तीनों ही फिल्में भाग्यश्री ने अपने पति के साथ कीं। असल में भाग्यश्री की ये शर्त होती थी कि वो अपने पति के साथ ही काम करेंगी। प्रोड्यूसर्स उनकी इस शर्त को मानने के लिए तैयार नहीं थे। काम मिलता ना देख भाग्यश्री ने 90 के दशक में फिल्मों को अलविदा कह दिया।
करीब एक दशक बाद भाग्यश्री ने फिल्मों में फिर से किस्मत आजमाने की सोची लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाईं। उन्होंने तेलुगू और भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया। भाग्यश्री 2012 में दिए एक इंटरव्यू में कबूल किया था कि ’19 साल की उम्र में ही शादी कर लेने का उन्हें अफसोस है क्योंकि वो वक्त से पहले ही मेच्योर हो गईं, जिम्मेदारियां आ गईं। शादी की वजह कई बड़े प्रोजेक्ट्स हाथ से निकल गए।’





