सर्दियों में बर्फ का मज़ा लेना है तो ये…पर्फेक्ट जगह

घुमक्कड़ को छोड़ो, हर शख्स का एक ख्वाब होता है कि वो जीवन में एक बार बर्फ के फाहे में ज़रूर खेले। वो पहाड़ की चोटी पर खड़ा हो तो दूर-दूर तक बर्फ के अलावा कुछ और ना दिखाई दे। हर कोई चाहता है कि वो बर्फ के गोले बनाकर फेंकें, बर्फ पर चलकर देखे कि पैर कितने धंसते हैं और उसी बर्फ पर पसरकर उस अनुभव को हमेशा के लिए समेट ले। अगर आप घुमक्कड़ हैं और आपकी बकेट लिस्ट में अभी भी बर्फ वाली जगह खाली है तो आपके लिए ‘उत्तराखंड का स्विजरलैंड’ कहा जाने वाला हिल स्टेशन औली परफेक्ट रहेगा।

औली देश के सबसे फेमस हिल स्टेशनों में से एक है। इसे भारत के सबसे अच्छे स्कीइंग स्थलों में से एक माना जाता है। औली उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के चमोली जिले में स्थित है। औली की ऊँचाई समुद्र तल से 3,000 मीटर है। औली एक बुग्याल है, बुग्याल यानी के हरे-भरे घास के मैदान। लेकिन सर्दियों में ये जगह पूरी तरह से बर्फ से भर जाती है। औली से कई पर्वत श्रृंखलाएँ दिखती हैं। इसके अलावा यहाँ कई प्रकार की एडवेंचर्स एक्टिविटीज़ भी होती हैं।

औली के बारे में हर किसी ने सुना होगा। ये जगह चारों तरफ से पहाड़ों से घिरी हुई है। इन पहाड़ों की ऊँचाई करीब 20 हजार फीट से भी ज्यादा है। यहाँ सेब और देवदार के पेड़ बहुत सारे मिलेंगे। जिसके कारण यहाँ की हवा में ताज़गी बनी रहती है। यहाँ पहुँचने के लिए आपको जोशीमठ आना होगा। जोशीमठ से औली आने के तीन रास्ते हैं। पहला रोपवे के जरिए, जिसमें आपको ऊँचाई से पहाड़ और दूर-दूर तक के खूबसूरत नज़ारे देख पाएँगे जिसमें आने-जाने का किराया ₹1000 होता है। दूसरा रास्ता बाय रोड है जो करीब 16 कि.मी. का रास्ता है। इसमें आप अपनी गाड़ी या टैक्सी बुक करके जा सकते हैं। तीसरा रास्ता पैदल का रास्ता है, जो करीब 8 किमी. का है। ये रास्ता गाँवों में से होकर जाता है।

मुझसे अगर पूछा जाए तो रोपवे का रास्ता सबसे बढ़िया रहेगा। इतनी खूबसूरत जगह को ऊँचाई से देखने का अनुभव ही कुछ अलग होता है। ये रोपवे करीब 4 कि.मी. लंबा है। गुलमर्ग के रोपवे के बाद ये एशिया का सबसे लंबा रोपवे है। इस जानकारी के बाद तो पक्का इस रोपवे से ही औली जाना बनता है। रोपवे में जिसका पहला अनुभव होगा, वो ज़रूर इस सफर के लिए उत्साहित होगा। रोपवे का धीरे-धीरे आगे बढ़ना, आपकी खुशी को जाहिर करने लगता है। इसमें डर और खुशी का मिला-जुला अनुभव होता है। जब ट्रॉली सबसे ऊँचे पाइंट पर पहुँचती है तो दूर-दूर तक पहाड़ ही पहाड़ दिखाई देते हैं। आसमान को छूते पहाड़ और नीचे घने जंगल दिखाई देंगे।

इसी रोपवे के सफर में आपको हाथी पहाड़ भी दिखाई देगा। वो देखने में हाथी की तरह दिखता है इसलिए उसे हाथी पहाड़ कहते हैं। उसके दाईं तरफ एक और पहाड़ दिखाई देगा, जिसे क्वीन हिल कहते हैं। वो पहाड़ कुछ-कुछ रानी के मुकुट के तरह ही दिखाई पड़ता है। उसके आगे बढ़ते हैं तो आपकी बर्फीली पहाड़ियों में सबसे ऊँचा पहाड़ दिखाई देगा। वो दूध से नहाया हुआ पर्वत, नंदा देवी है। ये सभी नज़ारे इस रोपवे के सफर में ही मिल सकते हैं। हो सकता है कि ये आपको थोड़ा महंगा लगे, लेकिन जब आप ये नज़ारे देखेंगे तो इन पैसों के खर्च होने का मलाल नहीं होगा

आप जैसे ही रोपवे से बाहर निकलेंगे आपको एक कैंटीन दिखाई देगी। यहाँ आएँ तो यहाँ के आलू-पकौड़े का स्वाद ज़रूर लें। आपको यहाँ दूर-दूर तक बर्फ ही बर्फ दिखाई देगी। औली में हमेशा से बर्फ हुआ करती थी लेकिन यहाँ आना लेक बनाने के बाद हुआ जो आपको पहाड़ की ऊँचाई से दिखाई देगी, जो एक आर्टिफिशियल झील है। गर्मियों के मौसम में ये पानी से लबालब रहती है और सर्दियों में जम जाती है। आप यहाँ बर्फ के फाहे से खेल भी सकते हैं। यहाँ ठंड इतनी होती है कि आप अपने हाथ ग्लव्ज़ से बाहर निकालने की हिम्मत नहीं कर पाएँगे। पहली बार बर्फ में चलने का और फिसलने का एहसास गजब का होता है। इन एहसासों और अनुभवों के लिए औली बढ़िया जगह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button