सतत विकास लक्ष्य हासिल करने वाले देशों की वैश्विक रैंकिंग जारी, भारत पहली बार शीर्ष 100 में शामिल

सतत विकास लक्ष्यों (SDG) को लेकर मंगलवार को एक रिपोर्ट जारी की गई, जिसमें सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने वाले देशों की रैंकिंग की गई है। 193 देशों में भारत पहली बार शीर्ष 100 देशों में शामिल हुआ है। संयुक्त राष्ट्र सतत विकास सॉल्यूशन नेटवर्क ने हाल ही में 10वीं रिपोर्ट जारी की, जिसमें भारत एसडीजी इंडेक्स की रैंकिंग 99वीं है। भारत का स्कोर 67 है। चीन की रैंकिंग 49वीं है और उसका स्कोर 74.4 है। अमेरिका को 44वां स्थान मिला है और उसका स्कोर 75.2 पॉइंट है।
भारत के पड़ोसी देशों की क्या है रैंकिंग
भारत के पड़ोसियों की बात करें तो भूटान 74वें स्थान पर है। वहीं नेपाल 85वें, बांग्लादेश 114वें और पाकिस्तान 140वें स्थान पर हैं। मालदीव और श्रीलंका को क्रमशः 53वीं और 93वीं रैंकिंग मिली है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सतत विकास लक्ष्य हासिल करने की गति वैश्विक स्तर पर धीमी हुई है और 17 लक्ष्यों में से संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों द्वारा सिर्फ 17 प्रतिशत लक्ष्य ही अपनाए गए हैं। साल 2015 में संयुक्त राष्ट्र ने अनुमान लगाया था कि 2030 तक ये लक्ष्य हासिल हो जाएंगे, लेकिन संघर्ष, ढांचागत कमजोरियां और सीमित संसाधनों के चलते सतत विकास लक्ष्य हासिल करने में दिक्कत हुई। सतत विकास लक्ष्यों की रिपोर्ट शीर्ष अर्थशास्त्री जेफ्री साक्स ने तैयार की है।
शीर्ष पर यूरोपीय देशों का कब्जा
यूरोपीय देश, खासकर नोर्डिक देश शीर्ष पर जगह बनाए हुए हैं। इनमें फिनलैंड शीर्ष पर, स्वीडन दूसरे और डेनमार्क तीसरे स्थान पर है। शीर्ष 20 देशों में 19 देश यूरोपीय हैं। हालांकि दो लक्ष्यों पर्यावरण और जैव विविधता को पाने में ये देश भी असफल रहे हैं। साल 2015 के बाद से पूर्वी और दक्षिण एशियाई देशों की प्रगति सबसे तेज रही है। इन देशों में नेपाल, कंबोडिया, फिलीपींस, बांग्लादेश और मंगोलिया शामिल हैं। अन्य तेज विकास वाले देशों में बेनिन, पेरू, संयुक्त राष्ट्र अमीरात, उज्बेकिस्तान, कोस्टा रिका और सऊदी अरब शामिल हैं।