वंदे भारत स्लीपर की पहली रैक मिली, बरेली-मुंबई के बीच संचालन तय, जल्द होगा स्पीड ट्रायल

पहली वंदे भारत स्लीपर का संचालन बरेली-मुंबई के बीच तय माना जा रहा है। 16 कोच की इसकी पहली रैक भी उत्तर रेलवे को मिल गई है।
उत्तर रेलवे को वंदे भारत स्लीपर की 16 कोच की पहली रैक मिल गई है। पहली वंदे भारत स्लीपर का संचालन बरेली-मुंबई के बीच तय माना जा रहा है। एक साल पहले ही इसके लिए रूट तय किया जा चुका है। रैक मिलने के बाद अब ट्रेन के संचालन की कवायद जल्द शुरू हो जाएगी। जल्द स्पीड ट्रायल शुरू होने की उम्मीद है।
सप्ताह में एक-एक दिन अप-डाउन संचालित की जाने वाली 14314-13 बरेली-लोकमान्य तिलक-बरेली एक्सप्रेस पर यात्रियों का दबाव लगातार बना हुआ है। इस ट्रेन का संचालन 29 साल पहले शुरू हुआ था। मुरादाबाद में वॉशिंग लाइन न होने के कारण अप-डाउन सप्ताह में एक-एक दिन वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का संचालन बरेली से करने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन के संचालन के लिए बरेली-चंदौसी-अलीगढ़-आगरा-ग्वालियर-झांसी-बीना-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-मनमाड-मुंबई रूट पहले ही तय किया जा चुका है।
वंदे भारत स्लीपर में एसी 3-टियर, एसी 2-टियर, और एसी फर्स्ट क्लास कोचों में 823 यात्रियों के लिए यात्रा की सुविधा होगी। एक रूट निर्धारित हो का है और दूसरे पर विचार चल रहा है। वंदे भारत स्लीपर का संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को आरामदायक यात्रा मिलेगी और कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी भी कम होगी।
लोकमान्य तिलक में टिकट बुकिंग की स्थिति
लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस बरेली से प्रत्येक शनिवार को चलती है। 19 फरवरी को इस ट्रेन में बरेली से 687 टिकट बुक हुए थे। इसके अलावा अलीगढ़ से 193, आगरा से 26, ग्वालियर से 28, झांसी से 17 और भोपाल से 19 यात्रियों ने टिकट बुक कराए। 26 फरवरी के भी बरेली से 639, अलीगढ़ से 168, आगरा से 11, ग्वालियर से 21, झांसी से 12 और भोपाल से मुंबई के लिए 13 टिकट बुक हुए। दो महीने तक इस ट्रेन में कन्फर्म टिकट मुश्किल है।