लोकसभा चुनाव Kanpur Live: एक बजे तक 34.3 प्रतिशत पड़े वोट, हंगामा करने पर BJP नेता पर दर्ज हुआ मुकदमा

कानपुर लोकसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे 1532 बूथों पर मतदान की शुरुआत हो गई। लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए मतदाता भी निकल पड़े लेकिन बंद ईवीएम ने उन्हें रोक दिया। कई बूथों पर ईवीएम खराब होने से वोटिंग बाधित रही। शुरुआती दो घंटे में 8.10 प्रतिशत वोटिंग हुई थी और एक बजे तक 34.3 प्रतिशत मतदान हो चुका है। ग्वालटोली में पोलिंग एजेंटों को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता के हंगामे का वीडियो वायरल होने पर निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो में वह सीओ से अभद्रता करते नजर आ रहे हैं।
कानपुर लोकसभा क्षेत्र में सुबह मतदान के लिए मतदाताओं ने तो उत्साह दिखाया लेकिन खराब ईवीएम ने उसे कम कर दिया। कानपुर संसदीय क्षेत्र में मतदान की शुरुआत धीमी रफ्तार से हुई। यहां साढ़े नौ बजे तक आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र में 9, किदवईनगर में 11, गोविंद नगर में 7.5, कैंट में 9.5 और सीसामऊ में 8 फीसद मतदान हो सका है।
आरबीआरडी कालेज के बूथ संख्या 47 की ईवीएम खराब हो गई। बर्रा के आरएस पोलिंग सेंटर के बूथ 178, 179 में ईवीएम खराब हो गई। किदवईनगर के बूथ संख्या 84, 85, 86 में ईवीएम मशीन खराब हो गई। जीआईसी चुन्नीगंज में तीन ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित हुआ। परमट के प्राइमरी पाठशाला परमट में बूथ संख्या एक और दो में ईवीएम खराब होने के चलते आधे घंटे बाद वोटिंग शुरू हो सकी।
किदवई नगर हायर सेकेंडरी स्कूल बूथ संख्या 274 में ईवीएम खराब होने से मतदाता कतार में खड़े इंतजार करते रहे। कुछ वोटर मतदान न करके लौट भी गए। किदवई नगर बूथ संख्या 187, 212, 168, 259 में ईवीएम खराब होने से दो घंटे बाद तक वोटिंग शुरू नहीं हो सकी। गोविंद नगर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में तीन ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित रहा। बाबूपुरवा में अमीन गर्ल्स इन्टर कॉलेज वीवीपैट काम नहीं करने से वोटरों को निराशा हुई। यूपी किराना स्कूल में बूथ संख्या 282 में मतदान में परेशानी हुई। शास्त्री नगर के श्रमिक कल्याण भवन में बने मतदान बूथ पर ईवीएम खराब होने से इंतजार के बाद कई वोटर लौट गए।
सीओ अभद्रता करने में भाजपा नेता पर मुकदमा
ग्वालटोली के मतदान केन्द्र प्राथमिक विद्यालय परमट में पोलिंग एजेंट के अंदर जाने और वोटर लिस्ट लेकर टिक करने को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया। जानकारी पर भाजपा नेता सुरेश अवस्थी भी पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया। इस बीच महापौर प्रमिला पांडेय भी आ गईं और उन्होंने समझाकर मामला शांत कराया। कुछ ही देर में पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें भाजपा नेता सुरेश अवस्थी हंगामा करते हुए सीओ से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इसके बाद हरकत में निर्वाचन अधिकारियों ने प्रकरण की फौरी जांच कराई, घटना की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज जनार्दन दुबे की तहरीर पर थाना ग्वालटोली में सुरेश अवस्थी व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सीओ ने बताया कि मतदान सुचारु रूप से चल रहा है और शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
मतदान की स्थिति जानने के लिए थोड़ी-थोड़ी देर में पेज को अपडेट करते रहें।





