लॉकडाउन : टैक्सी और बसों को योगी सरकार का तोहफा, जानिये क्या मिला
लखनऊ : लॉकडाउन के दौरान नहीं चल पा रहीं टैक्सी और बसों सहित ऐसे वाहनों को योगी सरकार टैक्स में छूट देगी। सरकार ने इस मामले में प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार की अध्यक्षता में एक समिति बना दी है। समिति इस प्रस्ताव का परीक्षण कर रही है।
लॉकडाउन को देखते हुए परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट सहित जिन दस्तावेजों की वैधता एक फरवरी से या उसके बाद समाप्त हुई है, उनकी वैधता 30 जून तक बढ़ा दी गई है। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा वाहन पोर्टल पर नॉन यूज क्लॉज फैसिलिटी की भी व्यवस्था की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत लॉकडाउन के दौरान न चलने वाले बस व टैक्सी जैसे वाहनों को लाभ दिया जाएगा।
प्रमुख सचिव परिवहन राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार इन वाहनों का टैक्स स्थगित कर सकती है। इसके लिए समिति को प्रस्ताव भेज दिया गया है। समिति का निर्णय आने के बाद इसे प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा।





