लगातार छठे दिन घटे पेट्रोल के दाम, जानें आज का रेट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के दामों में नरमी का रुख है। पेट्रोल के दाम में मंगलवार को लगातार छठे दिन कमी आई। डीजल भी 20 से 22 पैसे टूट गया।

नरेन्द्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के शुरूआती दौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का रुख जारी है। गुरुवार को कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल था जो सोमवार को घटकर 61 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट को देखते हुए आने वाले दिनों में दोनों ईंधनों केे दाम और घट सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 30 मई को पद की शपथ ली थी। तब से आज तक डीजल 1.13 रुपये और पेट्रोल 64 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो चुका है। पेट्रोल के दाम में आज देश के चार बड़े महानगरों में सात से 13 पैसे और डीजल में 20 से 22 पैसे की कमी आई।
– दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दाम घटकर क्रमश: 71.23 और 65.56 रुपये प्रति लीटर रह गए।
– वाणिज्यिक नगरी मुंबई में दाम क्रमश: 76.91 और 68.76 रुपये प्रति लीटर पर आ गए।
– कोलकाता में पेट्रोल 73.47 और डीजल 67.48 रुपये प्रति लीटर रह गया।
– चेन्नई में कीमतें क्रमश: 74.01 और 69.36 रुपये प्रति लीटर रहीं।





