रूस ने यूक्रेन पर फिर किया मिसाइलों और ड्रोन से हमला

रूस ने रविवार को यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों पर क्रूज-बैलेस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया। हमले में ओडेसा बंदरगाह, ऊर्जा संयंत्रों समेत कई आधारभूत ढांचों को भी निशाना बनाया गया। इन हमलों में लवीव शहर में एक पुलिस अधिकारी के मारे जाने और 24 के घायल होने की सूचना है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि हमले में कीव के साथ ही निप्रो, किरोवोड, मीकोलेव, पोल्टावा, लवीव और सुमी क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। हमले में बड़ी संख्या में आवासीय भवन और रेलवे की संपत्ति को नुकसान हुआ है।

‘बातचीत से युद्ध खत्म नहीं करना चाहता रूस’
जेलेंस्की ने कहा कि रूस का जोर बातचीत से युद्ध खत्म करने से ज्यादा हमले करके यूक्रेन को नुकसान पहुंचाने पर है। इसी सप्ताह रूस ने यूक्रेन पर 1,300 ड्रोन, 1,400 गाइडेड बम और 96 मिसाइल दागी हैं। ताजा रूसी हमले में 33 मिसाइल और 274 ड्रोन यूक्रेन पर दागे गए हैं।

चार साल से जारी है युद्ध
इससे पहले शनिवार को यूक्रेन ने रूस में 1,400 किलोमीटर भीतर तक ड्रोन भेजकर हमला किया था। हमले में रूस की मिसाइल फैक्ट्री को नुकसान हुआ था और 11 लोग घायल हुए थे। विदित हो कि चार वर्ष से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने के लिए अमेरिका लगातार प्रयासरत है लेकिन जमीन पर कब्जे के दावों के चलते ये प्रयास सफल नहीं हो पा रहे हैं।

Back to top button