राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, कहा- कोरोना के बहाने रोजगार छीनने में लगी है सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर करारा हमला किया है। उन्होंने कहा कि ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सीमम प्राइवेटाइजेशन’ की सोच वाली इस सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने को लेकर कोई योजना नहीं है। वह बस बहाने बनाकर लोगों के हाथों से काम छीनने में लगी है, ताकि सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर सके।

राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि मोदी सरकार की सोच ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सीमम प्राइवेटाइजेशन’ की है। कोविड तो बस बहाना है, सरकारी दफ़्तरों को स्थायी ‘स्टाफ़-मुक्त’ बनाना है। युवाओं का भविष्य चुराना है, ‘मित्रों’ को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय नियुक्तियों पर पाबंदी लगाना सरकार की नई चाल है, ताकि वह महामारी के नाम पर निजीकरण का खेल खेल सकें।
राहुल गांधी ने अपने इस ट्वीट में एक समाचार भी साझा किया है, जिसमें कोरोना महामारी के कारण अर्थव्यवस्था पर पड़े दुष्प्रभाव के चलते केंद्र सरकार ने वित्तीय हालात से निपटने के लिए खर्चों में कटौती करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत मंत्रालयों, उनसे जुड़े विभागों, सांविधानिक संस्थाओं और स्वायत्त संस्थाओं में नए पद सृजन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही खाली पदों पर नई भर्ती नहीं करने की भी बात कही गई है। इसी बात को लेकर कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर हमला बोला है।
The post राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, कहा- कोरोना के बहाने रोजगार छीनने में लगी है सरकार appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button