राष्ट्रपति करेंगी कन्नौज के इत्र से चौखट पूजन, गिर गाय के शुद्ध घी से कराया जाएगा दीपदान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मथुरा दाैरे के दाैरान वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर में भी दर्शन करेंगी। ऐसे में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंदिर में विशेष तैयारी की जा रही है। सेवायत से लेकर मंदिर कमेटी तक तैयारियों में लगे हैं।

मथुरा-वृंदावन में 25 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा प्रस्तावित है। दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज के दर्शन करने के लिए पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व जहां एक ओर प्रशासन पूरी तैयारी कर रहा है, तो वहीं सेवायतों ने भी विशेष पूजन कराने की तैयारी की है। राष्ट्रपति कन्नौज से मंगाए गए गुलाब के विशेष इत्र से ठाकुरजी की चौखट का पूजन करेंगी, तो गिर गाय के दूध से तैयार शुद्ध देसी घी से दीपदान करेंगी।

गौरतलब है कि 25 सितंबर को श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सेवायत डाॅ. फ्रैंकी गोस्वामी और उनके परिजन पूजा कराएंगे। उन्होंने बताया कि तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी उनके द्वारा ही पूजा कराई गई थी। इस बार भी उनकी सेवा है।

राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व में मंदिर में कन्नौज के इत्र की बारिश की जाएगी। पूरा मंदिर इत्र से महक उठेगा। वहीं, कन्नौज से गुलाब के विशेष इत्र से ठाकुरजी की चौखट का पूजन कराया जाएगा। साथ ही पांच कलशों से पूजन कराया जाएगा। गिर गाय के दूध से बने शुरू देसी घी से दीपदान कराया जाएगा। साथ ही वह ठाकुरजी को विशेष पुष्प भी अर्पित करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू पहली बार श्रीबांकेबिहारी के दर्शन करने के लिए आ रही हैं। इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मंदिर को पूरी तरह से चमका दिया जाएगा। मंदिर कमेटी के साथ सेवायत खुद मंदिर को सजाने संवारने का काम कर रहे हैं। गौरव गोस्वामी ने बताया कि राष्ट्रपति हमारे देश का सर्वोच्च पद है। इस पद की गरिमा के अनुरूप ही मंदिर में सभी कामों को किया जाएगा। मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। सुंदर फूलों से मंदिर के हर कोने को सजा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button