राजनाथ को देश का नया रक्षा मंत्री और अमित शाह को गृह मंत्री नियुक्त किया गया….

राजनाथ सिंह को देश का नया रक्षा मंत्री और अमित शाह गृह मंत्री बनाया गया है। गुरुवार को राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई थी। मोदी कैबिनेट की पहली बैठक आज दिल्ली में होने जा रही है। नरेंद्र दामोदर दास मोदी ने गुरुवार को लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर कमान संभाल ली। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में हजारों लोगों व अनेक खास मेहमानों की मौजूदगी में उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोदी के साथ भाजपा नीत राजग मंत्रिपरिषषद में पीएम मोदी के अलावा कुल 57 मंत्री बनाए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के विभागों की सूची सामने आ गई है। राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई, इससे पहले उनके पास गृह मंत्रालय था। अमित शाह को गृह मंत्री बनाया गया है। सबकी निगाहें इसी पर टिकी हुई थी कि अमित शाह को कौन-सा मंत्रालय दिया जाएगा। इसके अलावा नितिन गडकरी को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय दिया गया है।
मोदी पार्ट-1 में में रक्षा मंत्री रही निर्मला सीतारमण को दूसरे कार्यकाल में वित्त मंत्री का जिम्मा सौंपा गया है। एस जयशंकर भारत के नए विदेश मंत्री बनाए गए हैं। प्रकाश जावडेकर को सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साथ ही पर्यावरण मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया।






