यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा आज से, एग्जाम गाइडलाइंस टाइम शिफ्ट पैटर्न सहित पूरी डिटेल करें चेक

उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए लिखित परीक्षा 14 एवं 15 मार्च को राज्यभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी है। इस एग्जाम में लाखों अभ्यर्थियों भाग लेंगे। भर्ती परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के आयोजित करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से एग्जाम गाइडलाइंस सहित अन्य डिटेल जारी कर दी गई हैं। परीक्षार्थी यहां से एग्जाम के लिए निर्धारित दिशा-निर्देश चेक कर सकते हैं।
एग्जाम सेंटर पर एडमिट कार्ड एवं आईडी कार्ड जरूरी
जो भी उम्मीदवार परीक्षा देने जा रहे हैं वे परीक्षा सेंटर पर एडमिट कार्ड एवं एक वैलिड पहचान पत्र (आधार कार्ड/ पैन कार्ड/ वोटर आईडी कार्ड/ पासपोर्ट/ ड्राइविंग लाइसेंस) साथ लेकर जाएं।
रिपोर्टिंग के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पहले अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। आधे घंटे पहले सेंटर के गेट बंद कर दिए जायेंगे। जिन उम्मीदवारों का आधार कार्ड रजिस्टर्ड नहीं है या मिसमैच है उनको केंद्र पर 2:30 घंटे पूर्व पहुंचना होगा।
एग्जाम टाइमिंग एवं शिफ्ट
UPPBPB की ओर से परीक्षा का आयोजन 14 एवं 15 मार्च दोनों ही दिन दो-दो शिफ्ट में करवाया जायेगा। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी शिफ्ट की परीक्षा अपरान्ह 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
अन्य महत्वपूर्ण नियम
बोर्ड द्वारा जारी प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा दिवस पर परीक्षा प्रारंभ होने से 02 घंटा पूर्व प्रवेश पत्र, आधार कार्ड / पहचान पत्र (डी०एल०, पासपोर्ट), काला / नीला बाल प्वाइंट पेन के साथ उपस्थित हों। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा तथा इसके बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिन अभ्यर्थियों द्वारा अपने आवेदन पत्र को आधार नंबर के द्वारा पंजीकृत नहीं किया गया है, अथवा आवेदन के चरण में आधार नम्बर मिसमैच पाये गये हैं उनसे अपेक्षा है कि वह अनिवार्यतः परीक्षा प्रारंभ होने से 02.30 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र पर रिपोर्ट करें, जिससे निर्धारित समयावधि में उनका सत्यापन किया जा सके। अभ्यर्थी अपना अपडेटेड एवं अनलॉक्ड आधार कार्ड के साथ लिखित परीक्षा हेतु उपस्थित होगें।
अभ्यर्थियों से अपेक्षा है कि असुविधा से बचने के लिए परीक्षा केन्द्र पर समय से पहुंचें। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र पर अंकित सभी निर्देशों का अध्ययन कर लें तथा उसका अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान हेतु तकनीकी प्रबंध किया गया है। ऐसे व्यक्तियों तथा अभ्यर्थियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी
परीक्षा केन्द्रों पर पाठ्य सामग्री (मुद्रित या लिखित), कागज के टुकड़े, ज्यामितीय-पेंसिल बाक्स, प्लास्टिक पाउच, किसी भी प्रकार का कैल्कुलेटर, क्रेडिट / डेबिट कार्ड, स्केल,कॉपी, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबुल / इलेक्ट्रानिक पेन /स्कैनर, डिजिटल पेन, इलेक्ट्रानिक गैजेट जैसे-मोबाइल फोन, चाभी, कैमरा, किसी प्रकार की घड़ी, ज्वैलरी, स्मार्ट वाच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रो फोन, पेजर, हेल्थ बैण्ड, बटुआ / पर्स, काला चश्मा, हैण्डबैग, टोपी, खुला या पैक किया हुआ खाने का सामान, सिगरेट,लाइटर, माचिस, गुटखा लाना पूर्ण रूप से वर्जित है। परीक्षा अवधि में में अभ्यर्थी के पास उपरोक्त वर्जित सामग्री पाए जाने पर उपयुक्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
एग्जाम पैटर्न
यूपी पुलिस एसआई लिखित परीक्षा में 160 बहुविकल्पीय प्रकार के प्रश्न पूछे जायेंगे जिसके लिए पूर्णांक 400 होगा। पेपर में सवाल सामान्य हिंदी/ कंप्यूटर ज्ञान, सामान्य जानकारी/ समसामयिक मुद्दों, संख्यात्मक और मानसिक योग्यता परीक्षण और मानसिक योग्यता परीक्षण/ आईक्यू परीक्षण/ तार्किक परीक्षण विषय से प्रश्न पूछे जायेंगे।
आपको बता दें कि यूपी पुलिस एसआई भर्ती के लिए 1575760 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। इसमें से 1166386 पुरुष अभ्यर्थी एवं 409374 महिला उम्मीदवार हैं।





