मोहम्मद आमिर ने बड़बोलेपन में की सारी हदें पार,

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का मानना है कि अभिषेक शर्मा तकनीकि रूप से सक्षम बल्लेबाज नहीं हैं। यही नहीं आमिर का कहना है कि अभिषेक के असफल होने की संभावना बहुत ही अधिक है। आमिर का ये बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में 15 फरवरी को मुकाबला होना है। हालांकि, अभिषेक का पाकिस्तान के खिलाफ खेलना सवालों के घेरे में है।

अभिषेक नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मुकाबले से पहले बीमार पड़ गए थे। अभिषेक की हालत इतनी बिगड़ गई थी कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उन्हें अब छुट्टी मिल गई है। हालांकि, उनका पाकिस्तान के खिलाफ खेलना अब भी मुश्किल दिखाई दे रहा है। अब आमिर ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच को देखते हुए शर्मा को लेकर बड़ा दावा किया है।

मोहम्मह आमिर ने दिया बड़ा बयान

पाकिस्तान के एक टीवी शो पर बात करते हुए आमिर ने कहा, “मैंने जितना अभिषेक शर्मा को देखा है, अगर आप मुझसे ईमानदारी से पूछेंगे, तो वो सिर्फ आक्रामक बल्लेबाज हैं। अभिषेक अपनी पूरी ताकत के साथ गेंद को मारते हैं। जिस दिन वे लय में होंगे, तो सबकुछ ठीक रहेगा लेकिन उनके असफल होने की संभावना बहुत ही अधिक होती है। अभिषेक 8 पारियों में से एक पारी में रन बनाते हैं और बाकी में उनका स्कोर 10,15,0 और 20 रहता है। मुझे नहीं लगता है कि उनकी तकनीकि बहुत अच्छी है।”

आमिर का मानना है कि अभिषेक को रोकने के लिए सबसे अच्छा होगा कि उनकी शरीर में गेंदबाजी करें। अगर बाएं हाथ के बल्लेबाज के खिलाफ ये रणनीति बनाई जाएगी, तो वे फेल हो जाएंगे। आमिर का ये भी मानना है कि अभिषेक को वे इंटरनेशनल क्रिकेट में तभी एक सफल बल्लेबाज मानेंगे, जब वे स्विंग गेंदों के खिलाफ रन बनाएंगे।

अभिषेक का खेल जोखिम भरा

आमिर ने आगे कहा, अभिषेक बस एक जगह खड़ा रहता है और ये चाहता है कि सारी गेंद एक ही एरिया में फेंकी जाए। मैं एक बार फिर से कह रहा हूं कि जिस दिन वो लय में रहेगा, उस दिन विपक्षी टीम को नुकसान पहुंचा सकता है। मैं उन्हें एक सफल बल्लेबाज तभी मानूंगा, जब वे स्विंग गेंदबाजी के खिलाफ रन बनाएंगे।

Back to top button