मुंबई में 62 साल की महिला से साइबर ठगी

मुंबई में एक 62 वर्षीय महिला साइबर ठगी का शिकार हुई जहाँ निवेश के नाम पर उससे 7.88 करोड़ रुपये ठग लिए गए। ठगों ने खुद को एक बड़ी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया। महिला ने व्हाट्सएप के माध्यम से शुरू हुई इस ठगी के बाद साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुंबई में 62 वर्षीय महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने निवेश के नाम पर महिला से 7.88 करोड़ रुपये ठग लिए। महिला ने मदद के लिए अब साइबर पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया है। महिला का कहना है कि ठगों ने खुद को बड़ी कंपनी का एजेंट बताते हुए महिला को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया और उससे 7.88 करोड़ रुपये ऐंठ लिए।

साइबर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि ठग पिछले 2 महीने से महिला से पैसे ले रहे थे। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया था कि उसके पैसे शेयर मार्केट में निवेश किए जा रहे हैं, जिससे उसे भारी मुनाफा होगा।

व्हाट्सएप से शुरू हुआ ठगी का खेल
महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि इस ठगी की शुरुआत व्हाट्सएप से हुई थी। उसे पहले व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को एक कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए स्टॉक मार्केट में पैसे निवेश करने का सुझाव दिया।

महिला ने ट्रांसफर किए 7.88 करोड़ रुपये
महिला को कंपनी ऑफिसर का फोन नंबर और वेबसाइट का लिंक दिया गया। इसके बाद ठगों ने महिला का नंबर एक व्हाट्सएप ग्रुप में एड कर दिया और उसकी बात एक अन्य शख्स से करवाई। महिला का कहना है कि वो ठगों के झांसे में आ गई और उसने अलग-अलग बैंक अकाउंट में 7,88,87,000 रुपये ट्रांसफर किए।

महिला ने साइबर पुलिस ने मांगी मदद
जब महिला ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उससे कहा गया कि पहले पूरी रकम का 10 प्रतिशत जमा करे, तभी उसे बाकी के पैसे मिलेंगे। इसपर महिला को ठगी का आभास हो गया। उसने फौरन साइबर कंप्लेंट पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button