मीटर बाईपास कर चलाया एसी, तो अब उपभोक्‍ता को जाना पड़ सकता है जेल

लखनऊ। मीटर बाईपास कर एसी चलाने वाले उपभोक्ता अब बिजली विभाग के रडार पर है। चेकिंग के दौरान बिजली चोरी मिलने पर उपभोक्ता को जेल तक जाना पड़ सकता है। जी हां, विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले फीडर अब अभियंताओं की नजर में है। ऐसे में अभियंताओं ने अपने-अपने इलाकों में पड़ने वाले लाइन लॉस फीडर को दुरुस्त कर मीटर बाईपास कर एसी चलाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्द कराके जेल भेजने का बीड़ा उठाया है।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक (वाणिज्य) ब्रहम पाल ने कहा कि ऐसे उपभोक्ता जिनकी मीटर बाईपास करके एसी चलाने की आदत पड़ गई है, उनके खिलाफ बिजली चोरी की धाराओं में मामला दर्ज करके कार्रवाई की जाए। सितंबर माह में बिजली चोरी की कई घटनाएं मीटर बाईपास वाली सामने आई हैं। निदेशक ब्रहम पाल ने कहा कि हर अभियंता गोपनीय तरीके से मार्निंग रेड डाले, सुबह ऐसे उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़े जो आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। उनकी सूची भी नियमित रूप से बनाई जाए। हर सप्ताह होने वाली समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता इससे मुख्यालय को भी अवगत कराए, आखिर उन्होंने किसके ऊपर क्या कार्रवाई की और कितने उपभोक्ताओं के यहां मार्निंग रेड में चोरी पकड़ी। पत्र में उल्लेख किया गया है कि लाइन लॉस हर कीमत में कम करना  है और बिलिंग शत प्रतिशत होनी चाहिए।
हो रही अभियंताओं की किरकिरी
लाइन लॉस वाले फीडर बिजली विभाग के अभियंताओं की किरकिरी करा रहे हैं। इस वजह से मुख्य अभियंता से लेकर अवर अभियंता तक की विभागीय मीटिंग में क्लास तक लग चुकी है। अभियंताओं को लाइन लॉस के कारण वरिष्ठों से आए दिन बाते सुननी पड़ रही है। इसलिए अब अभियंताओं ने मीटर बाईपास कर एसी चलाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ मुहिम छेड़ने का मन बना लिया है।
सबसे अधिक लाइन लॉस
न्यू राजाजीपुरम, सूगामऊ, नूरबाड़ी, गेहरु, फतेहगंज, दुबग्गा, ठाकुरगंज, इंटौजा, नादान महल रोड, लौलई, अमीनाबाद, चिनहट का शिवपुरी, अहिबरनुपर, बीकेटी, अपट्रान, जीपीआरए, कमता, विक्टोरिया सहित कई उपकेंद्रों पर सबसे अधिक लाइन लॉस है।
The post मीटर बाईपास कर चलाया एसी, तो अब उपभोक्‍ता को जाना पड़ सकता है जेल appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button