मिठाई खरीदकर एक बाइक पर घर लौट रहे थे 4 लोग, 3 को ‘खा गई मौत’

एक बाइक पर चार लोगों का बैठना और रफ्तार भरना जानलेवा बन गया। वाहन की टक्कर से बाइक बेकाबू हो सड़क किनारे खड़्ड में जा गिरी। हादसे में दो युवकों और एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चौथे की हालत गंभीर है। चारों रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदकर लौट रहे थे। बाइक सवारों ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। घटना यूपी के औरैया जिले की है। 
मिठाई खरीदकर एक बाइक पर घर लौट रहे थे 4 लोग, 3 को ‘खा गई मौत’
 
मृतकों में बेला थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव में रहने वाले संजय (21) पुत्र राम शंकर जोशी, ध्रुव (21) पुत्र कौशल, प्रवीन (14) पुत्र घनश्याम शामिल हैं। आरिफ  (20) उर्फ नन्हे पुत्र पप्पू खान की हालत गंभीर बताई गई है। सोमवार सुबह ये लोग रक्षाबंधन के लिए मिठाई लेने बेला बाजार गए थे। लौटते समय चारों ध्रुव की बाइक पर सवार हो गए।
बाइक से चारों लोग मनुआपुर्वा गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक वाहन सहित भाग निकला। बाइक सवार सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे। चीख-पुकार मचते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। तब तक संजय की मौत हो चुकी थी। अन्य तीनों को बिधूना सीएचसी पहुंचाया गया। यहां ध्रूव की मौत हो गई। इसके बाद प्रवीन और आरिफ को कानपुर ले जाया जा रहा था कि रास्ते में प्रवीन की मौत हो गई। आरिफ को कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन मौतों की खबर गांव आते ही रक्षाबंधन की खुशियां काफूर हो गई। सीओ लालता प्रसाद शुक्ला ने बताया कि तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। 
 
 
Back to top button