महाराष्ट्र सरकार ने पश्चिम एशिया में फंसे लोगों के लिए शुरू की हेल्पलाइन

महाराष्ट्र सरकार ने अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे विवाद के बीच मिडिल ईस्ट में फंसे राज्य के नागरिकों के लिए एक इमरजेंसी व्हाट्सएप हेल्पलाइन शुरू की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ईरान युद्ध की वजह से हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) बंद हो गया है, जिस कारण महाराष्ट्र के सैकड़ों लोग वहां फंसे हुए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी नागरिक सुरक्षित हैं।
सीएम हालात पर खुद रख रहे नजर
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया पर बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद हालात पर नजर रख रहे हैं। वे अलग-अलग एजेंसियों और केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं। केंद्र सरकार भी हर संभव मदद कर रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य के मंत्री गिरीश महाजन को इस पूरे काम के तालमेल की जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य सरकार ने दुबई में ‘इंडियन पीपुल्स फोरम’ के साथ मिलकर एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर (+971 50 365 4357) जारी किया है। जिन नागरिकों को मदद की जरूरत है, वे इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
कांग्रेस सांसद भी फंसे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर भारी बमबारी इस हफ्ते या जरूरत पड़ने तक जारी रहेगी। इस स्थिति की वजह से पश्चिम एशिया में कई हवाई रास्ते बंद कर दिए गए हैं। इससे उड़ानों में भारी रुकावट आई है और यात्री फंसे हुए हैं। अधिकारी अब महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से फंसे हुए नागरिकों के आंकड़े भी इकट्ठा कर रहे हैं। दुबई में फंसे लोगों में जालना से कांग्रेस सांसद कल्याण काले भी शामिल हैं। उनके भाई जगन्नाथ काले ने बताया कि वे शुक्रवार को वहां गए थे, जिसके ठीक एक दिन बाद हमला शुरू हो गया।





