महाराष्ट्र  समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश, कई जगह 100 मिमी तक बरसे बदरा

सितंबर का महीना खत्म होने वाला है, लेकिन महाराष्ट्र के तमाम जिलों में लौटते मानसून का कहर जारी है। मुंबई और आसपास के जिलों में शनिवार देर रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार के लिए मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। कई इलाकों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश के कारण ठाणे में एक व्यक्ति नदी में बह गया।

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
शनिवार रात आधी रात के बाद मुंबई में तेज बारिश शुरू हुई। शुरुआती घंटों में बारिश की रफ्तार बहुत तेज रही, लेकिन रविवार तड़के इसमें थोड़ी कमी आई। अब शहर के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बीच-बीच में तेज बौछारें पड़ रही हैं।

24 घंटे में बारिश का आंकड़ा (सुबह 8.30 बजे तक)
कोलाबा: 120.8 मिमी
सांताक्रुज: 83.8 मिमी
जुहू: 88 मिमी
बांद्रा: 82.5 मिमी
महालक्ष्मी: 28 मिमी

मौसम विभाग का रविवार के लिए पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने कहा है कि रविवार को गर्जना के साथ भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।

बारिश के कारण परिवहन सेवाएं प्रभावित
सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं कुछ देरी से चल रही हैं। बेस्ट बस सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, किसी भी रूट में बदलाव नहीं किया गया।

ज्वार-भाटा का समय
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि भारी बारिश के समय अगर हाई टाइड हो तो निचले इलाकों में पानी भरने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं, लो टाइड के दौरान पानी तेजी से समुद्र में वापस चला जाता है।
उच्च ज्वार (हाई टाइड):दोपहर 2.55 बजे, ऊंचाई 3.24 मीटर
निम्न ज्वार (लो टाइड):रात 8.50 बजे, ऊंचाई 1.31 मीटर

ठाणे और पालघर में हालात
ठाणे शहर में 24 घंटे में 115.79 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर पानी भर गयाऔर पेड़ गिरनेकी घटनाएं सामने आईं। पालघर जिले में भी कई इलाकों में जलभराव हुआ। जिला प्रशासन ने लोगों से घर से बाहर निकलने से बचनेऔर सावधान रहने की अपील की है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य बचाव दलों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है। ठाणे और पालघर के कलेक्टर हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। प्रशासन ने कहा कि यदि बारिश की रफ्तार बढ़ती है, तो तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button