मथुरा-वृंदावन की भीड़ से दूर, होली मनाने के लिए बेस्ट हैं भारत की ये 6 जगहें

होली मनाने के लिए ज्यादातर लोग मथुरा-वृंदावन जाने का प्लान बनाते हैं, लेकिन भीड़ से बचने के लिए भारत की और भी जगहों पर जा सकते हैं।

होली भारत के सबसे रंगीन और उल्लासपूर्ण त्योहारों में से एक है। आमतौर पर लोग होली का नाम आते ही मथुरा-वृंदावन की बात करते हैं, लेकिन भारत में कई ऐसी जगहें हैं जहां होली अनोखे अंदाज में मनाई जाती है।

अगर आप इस बार कुछ अलग एक्सपीरिएंस करना चाहते हैं, तो मथुरा-वृंदावन के अलावा इन 6 जगहों पर होली का त्योहार यादगार बन सकता है।

जयपुर, राजस्थान
जयपुर की होली शाही अंदाज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जानी जाती है। यहां पारंपरिक लोक नृत्य, संगीत और रंगों के साथ होली का जश्न मनाया जाता है। कई होटल और हेरिटेज प्रॉपर्टी खास होली समारोह आयोजित करते हैं, जहां पर्यटक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से त्योहार का आनंद ले सकते हैं।

शांतिनिकेतन, पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन में होली को बसंत उत्सव के रूप में मनाया जाता है। इसकी शुरुआत रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी। यहां छात्र-छात्राएं पीले रंग के पारंपरिक वस्त्र पहनकर गीत-संगीत और नृत्य के साथ वसंत ऋतु का स्वागत करते हैं। यह होली रंगों के साथ-साथ कला और संस्कृति का भी अनोखा संगम होती है।

आनंदपुर साहिब, पंजाब
पंजाब के आनंदपुर साहिब में होली के अगले दिन होला मोहल्ला मनाया जाता है। इसमें सिख समुदाय के लोग पारंपरिक युद्धकला गतका, घुड़सवारी, तलवार बाजी जैसे साहसिक हैरतअंगेज करतब दिखाते हैं। यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टि से खास माना जाता है।

उदयपुर, राजस्थान
उदयपुर की होली शाही परंपराओं के लिए मशहूर है। सिटी पैलेस में आयोजित कार्यक्रमों में लोक संगीत, नृत्य और पारंपरिक रस्में शामिल होती हैं, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होती हैं।

वाराणसी, उत्तर प्रदेश
काशी यानी वाराणसी में होली का स्वरूप आध्यात्मिक और थोड़ा मस्तमौला होता है। यहां की गलियों और घाटों पर होली की एक अलग ही चमक होती है। गंगा के घाटों पर सुबह की आरती के बाद रंगों का खेल शुरू होता है। इसके अलावा, यहां की प्रसिद्ध मसान होली दुनिया भर में अपनी अनूठी परंपरा के लिए जानी जाती है। गंगा में नौका विहार करते हुए किनारे पर उड़ते गुलाल को देखना एक जादुई अनुभव है।

बरसाना और नंदगांव, उत्तर प्रदेश
बरसाना और नंदगांव की लठमार होली दुनियाभर में मशहूर है। यहां महिलाएं पुरुषों को लाठियों से हल्के-फुल्के अंदाज में मारती हैं और पुरुष ढाल से बचाव करते हैं। यह परंपरा राधा-कृष्ण की कथाओं से जुड़ी मानी जाती है। यहां की होली देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं।

Back to top button