भोपाल में महंगाई पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, 400 रुपये में सिलेंडर की मांग को लेकर ‘रसोई संसद’

भोपाल में विधानसभा सत्र के दौरान महंगाई को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं हैं। मंगलवार को महिला कांग्रेस ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन करते हुए सरकार पर रसोई का बजट बिगाड़ने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेठिया के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठीं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सिलेंडर, खाली कड़ाही, चकला-बेलन और थालियां लेकर पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने थाली बजाकर विरोध दर्ज कराया और प्रतीकात्मक रूप से रोटियां बेलते हुए यह संदेश देने का प्रयास किया कि महंगाई के कारण घर-घर की रसोई प्रभावित हो रही है।

‘रसोई संसद’ के नाम से किया गया विरोध
इस प्रदर्शन को ‘रसोई संसद’ नाम दिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दाल, तेल, आटा और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। उनका आरोप है कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के कारण कई परिवार उसे भरवाने में असमर्थ हैं। रीना बोरासी सेठिया ने कहा कि यदि 18 फरवरी को पेश होने वाले बजट में महंगाई से राहत देने के उपाय शामिल नहीं किए गए तो 19 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के आवास का घेराव किया जाएगा।

400 रुपये में सिलेंडर की मांग दोहराई
महिला कांग्रेस ने गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपये किए जाने की मांग दोहराई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा दरों पर गरीब परिवारों के लिए चूल्हा जलाना कठिन हो गया है। प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि उज्ज्वला योजना के कई हितग्राही सिलेंडर भरवाने में सक्षम नहीं हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग लकड़ियां लाकर भोजन पकाने को मजबूर हैं।
 
महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि आगामी बजट में यदि रसोई खर्च कम करने के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायकों का विरोध
इसी बीच विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण हुई मौत के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधायक गंदे पानी की बोतल लेकर विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी करते नजर आए।

Back to top button