भूल जाइए फिल्मों वाला रोमांस, अब Gen-Z को पसंद आ रहा है Relation-Sipping

इतिहास गवाह है कि प्यार को हमेशा भव्य पैमानों पर मापा गया है। अपने पार्टनर को कोई डायमंड जूलरी देनी हो या या बॉलीवुड फिल्मों में एयरपोर्ट पर दौड़कर किया गया इजहार, हमें सिखाया गया कि अगर प्यार में हंगामा नहीं, तो वो प्यार नहीं।
लेकिन साल 2026 की हकीकत कुछ और ही है। आज की युवा पीढ़ी यानी जेन-जी प्यार में बड़े-बड़े जेस्चर करने के बजाय छोटे-छोटे एक्ट्स पसंद कर रही है। इसी को नाम दिया गया है रिलेशन-सिपिंग (Relation-sipping)। आइए जानें यह है क्या और क्यों इसे पसंद किया जा रहा है।
आखिर क्या है Relation-sipping?
आसान शब्दों में कहें तो रिलेशन-सिपिंग ग्रांड जेस्चर के बजाय छोटे और पर्सनल मूमेंट्स को प्राथमिकता देने का चलन है। दरअसल, अब सोशल मीडिया पर दिखावे का दौर खत्म हो रहा है। जेन-जी अब उन पलों को जीना चाहती है, जो उन्हें अच्छा महसूस करवाएं और उनके दिल के करीब रहें।
जेन-जी अब ग्रांड जेस्चर्स या महंगे तोहफे पसंद नहीं कर रही है, बल्कि वे अपने पार्टनर के साथ छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना पसंद करते हैं। दरअसल, एक सर्वे के मुताबिक लगभग 1/3 युवा पारंपरिक वेलेंटाइन डे के तरीकों से दूर भाग रहे हैं। वे अब ऑफिस में फूल या गिफ्ट भेजना, सोशल मीडिया पर रिलेशनशिप को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना, सरप्राइज ट्रिप पर ले जाना, जैसी चीजों को फेक या दिखावा मानते हैं।
जेन-जी का मानना है कि ये चीजें दिखावटी हैं और पर्सनल महसूस नहीं होती। उनके लिए प्यार वह नहीं जो भीड़ देखे, बल्कि वह है जो सिर्फ वो दोनों महसूस करें। इसलिए अब जेन-जी अपने रिश्ते को और मजबूत बनाने के लिए रिलेशन-सिपिंग के इन तरीकों को अपना रही है-
कॉम्प्लीमेंट देना- आपके पहनावे की तारीफ करना।
गुड मॉर्निंग टेक्स्ट- दिन की शुरुआत एक छोटे से संदेश से करना।
पसंदीदा फिल्म- साथ बैठकर एक-दूसरे की पसंदीदा फिल्म देखना।
वाइब चेक- यह पूछना कि उनका दिन या हफ्ता कैसा बीत रहा है ।
पसंदीदा ट्रीट- बिना कहे उनकी पसंद की मिठाई या चॉकलेट ले आना।
फेवरेट फूड स्पॉट- उन्हें उनके पसंदीदा ढाबे या कैफे पर ले जाना।
साथ म्यूजिक सुनना- ऐसा गाना भेजना जो आपकी याद दिलाता हो।
निकनेम्स- एक-दूसरे के लिए प्यारे पेट नेम रखना।
कॉफी आर्डर याद रखना- यह जानना कि उन्हें उनकी कॉफी कैसी पसंद है।
यह क्यों जरूरी है?
आंकड़े बताते हैं कि 83% युवाओं को इन छोटी कोशिशों से ऐसा महसूस होता है कि उनका पार्टनर उन्हें सचमुच जानते हैं। स्थिति कुछ ऐसी भी है कि 46% युवा उस व्यक्ति के साथ डेटिंग जारी नहीं रखना चाहेंगे जो इन बारीकियों पर ध्यान नहीं देता।





