भूकंप के झटकों से थर्राया UP! इस जिले में सुबह-सुबह कुछ सेकंड तक कांपी धरती

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शुक्रवार की सुबह हल्के भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। कुछ सेकंड तक धरती में कंपन महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई है। फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र इटियाथोक क्षेत्र के इटहिया नवीजोत गांव के आसपास बताया जा रहा है। सुबह के समय जब अधिकतर लोग अपने घरों में थे, तभी अचानक धरती हिलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिला प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताते हुए कहा है कि सभी संबंधित विभागों से रिपोर्ट ली जा रही है और कहीं से भी किसी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचना दें।





