भारत की इकोनॉमी सुधारने के लिए कर रहे हैं कड़ी मेहनत: अमेरिका

भारत-अमेरिका के बीच चल रहे टैरिफ विवाद के बीच अमेरिका ने एक अहम बयान दिया है. अमेरिका ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए उनका देश कड़ी मेहनत कर रहा है. अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने मंगलवार को कहा कि भारत को उसकी अर्थव्यवस्था के विकास के अवसर देने के लिए ट्रंप प्रशासन ‘कड़ी मेहनत’ कर रहा है.

माइक पोम्पिओ इस वक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र की यात्रा पर हैं. इस दौरान संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि “हमारी हिंद-प्रशांत रणनीति अच्छी तरह से काम कर रही है, यह न केवल उनके लिए, बल्कि अमेरिका के लिए भी लाभकारी साबित होगी. हमने इन गठबंधनों को बनते देखा है. हम भारत की अर्थव्यवस्था में वृद्धि करने के अवसर प्रदान करने के लिए भारत सरकार के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं.”

भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ की दरों को लेकर चल रहे विवाद के बीच ये अहम खबर है. दीगर है कि कुछ दिन पहले भारत ने अमेरिका के साथ व्यापारिक संबंधों की दिशा में एक कड़ा कदम उठाते हुए US से आयात किए जाने वाले 28 वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ा दिया था.

अमेरिका: हिरासत केंद्र में बंद तीन भारतीय शरणार्थी भूख हड़ताल पर बैठे

इस सूची में अखरोट, बादाम शामिल थे. दरअसल भारत का ये कदम क्रिया की प्रतिक्रिया’ थी. इससे पहले अमेरिका ने भारत को व्यापार में मिलने तरजीह समाप्त कर दी थी. जून 5 को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के साथ व्यापार में भारत को मिलने वाली विशेष सुविधा खत्म कर दी थी. इसे सामान्य तरजीह प्रणाली Generalized System of Preferences (GSP) के नाम से जाना जाता था. इसके बाद भारत ने 28 सामानों के आयात पर टैरिफ में इजाफा कर दिया था.

भारत की अर्थव्यवस्था के विकास करने के लिए कड़ी मेहनत करने की पोम्पिओ की यह टिप्पणी ऐसे वक्त में आई है, जब कुछ हफ्ते पहले अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत का दौरा किया था और टैक्स और टैरिफ जैसे द्विपक्षीय व्यापार के  मुद्दों पर भारत के साथ व्यापक बातचीत की थी.

इस बीच भारत और अमेरिका का व्यापार लगातार बढ़ रहा है. अमेरिका में भारत के राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला ने इससे पहले कोलोराडो में कहा था कि 2018 में दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़कर 142 अरब डॉलर हो गया है और 2025 तक इसके 238 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है.

Back to top button