#बड़ा हादसा: मैट्रिक की परीक्षा के दौरान गिरी एग्जामिनेशन हॉल की छत, कई छात्राएं घायल

बिहार के गोपालगंज में मैट्रिक की परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा हुआ है. यहां के एक केंद्र पर हॉल की छत नीचे गिर गई. इस हादसे में दो बेंच पर बैठी आधा दर्जन छात्रायें घायल हो गईं. सभी छात्राओं को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है. जहां दो छात्राओं को ज्यादा चोटे आई हैं जबकि चार छात्राओं को मामूली चोट आई है. घटना नगर थाना चौक स्थित वीएम इंटर कॉलेज की है.
जानकारी के मुताबिक मैट्रिक की परीक्षा चल रही थी इसी दौरान शहर के वीएम इंटर कॉलेज की परीक्षा केंद्र की छत का प्लास्टर अचानक टूट कर गिरने लगा. छत का प्लास्टर गिरते ही मौके पर भगदड़ मच गयी और अचानक छात्राओं में चीख पुकार मच गई.
मौके पर पहुंचे वीक्षक और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मदद से घायल छात्राओं को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में बबीता कुमारी, विद्यान्ति कुमारी, विमल कुमारी, विजंती कुमारी, बबिता कुमार 02 और अनु कुमारी शामिल है. सभी छात्राएं हाई स्कूल सदौवा की छात्रा हैं.
जिला शिक्षा पदाधिकारी पूनम चौधरी ने बताया कि 5 छात्राएं घायल हुई ही. सभी का इलाज कराया जा रहा है. इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ अमर कुमार ने बताया कि आधा दर्जन छात्राएं आई हैं जिनमें से चार को मामूली चोट आई थी लेकिन दो को पैर और सिर में चोट आई है जिनका इलाज कराया जा रहा है.





