बिहार में NDA का शक्ति प्रदर्शन: PM मोदी ने पांच बार झुककर किया अभिवादन

बिहार में आज नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित इस समारोह को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के शक्ति प्रदर्शन की तरह भी देखा जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा भाजपा-NDA शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। समारोह के अंत में पीएम मोदी का खास अंदाज भी दिखा।

समारोह के दौरान सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की और बिहार की नई सरकार को शुभकामनाएं दीं। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा, “मैं बिहार की बनने वाली सरकार को हार्दिक बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने बिहार में मजबूत सरकार बनाई है। नीतीश कुमार जी को 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं।” मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने कहा, “यह पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की ऐतिहासिक विजय है। बिहार ने एनडीए पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए जनता का धन्यवाद।” गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, ओडिशा, असम, हरियाणा, नागालैंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में पहुंचे और बिहार की जनता को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी।

दिखा पीएम मोदी का अनोखा अंदाज

शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अनोखा अंदाज देखने को मिला। सबसे पहले वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ थामकर मंच के आगे की ओर बढ़े। इसके बाद पीएम मोदी ने पांच बार झुककर जनता का अभिवादन किया। मंच पर मौजूद शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों के पास जाकर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया और फिर जनता की ओर मुड़कर अपना गमछा लहराया। बदले में गांधी मैदान में मौजूद लोगों ने भी अपना अपना गमछा लहराकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

चुनाव प्रचार के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी कई बार ऐसा कर चुके हैं। इतना ही नहीं, विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद जब वे बीजेपी कार्यालय पहुंचे थे, तब भी उन्होंने गमछा लहराकर जनता का अभिनंदन किया था।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए ये नेता

शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के बड़े नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नैयाब सिंह सैनी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा शामिल हुए।

इसके अलावा ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी पहुंचे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी भी रही। केंद्रीय नेताओं में गिरिराज सिंह, शिवराज सिंह चौहान, चिराग पासवान, जेपी नड्डा, अर्जुन राम मेघवाल, रविशंकर प्रसाद, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, आईटी मंत्री नारा लोकेश और चिराग की मां रीना पासवान ने भी समारोह में भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

गांधी मैदान में पवन सिंह ने जमाया रंग

पटना के गांधी मैदान में पवन सिंह और मनोज तिवारी ने शानदार माहौल बना दिया। दोनों बीजेपी नेता मंच पर परफॉर्म कर रहे थे। पवन सिंह ने अपने गानों के जरिए बिहार विधानसभा चुनाव में मोदी–नीतीश की जोड़ी की बड़ी जीत का जश्न मनाया और खूब धमाल मचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button