बिहार के इस शहर 25 करोड़ की लूट: कस्टम अधिकारी बनकर उड़ाया 17 किलो सोना

राजधानी पटना में अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। दानापुर के खगौल थाना क्षेत्र में कस्टम अधिकारी बनकर बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी के स्टाफ से करीब 17 किलो सोना लूट लिया, जिसकी कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुजरात के राजकोट निवासी महेश मामतोरा और प्रिंस रामपरिया के स्टाफ अहमदाबाद से सहरसा एक्सप्रेस ट्रेन से दानापुर पहुंचे थे। उन्हें बाकरगंज स्थित केवीएस एंड सन्स जाना था। दानापुर जंक्शन से उन्होंने ऑटो लिया, लेकिन कुछ दूरी पर ओवरब्रिज के पास एक वाहन और दो बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।
करीब सात बदमाश, जो खाकी पैंट और सफेद शर्ट में थे, खुद को कस्टम अधिकारी बताकर जांच के नाम पर तीन बैग अपने कब्जे में ले लिए। बैग मिलते ही सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने अपने मालिक को सूचना दी और फिर थाने जाने की बात कही गई। महेश मामतोरा के अनुसार, अपराधियों ने उन्हें सुनसान जगह पर छोड़ दिया और फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि अभी औपचारिक मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन जांच जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।





