बाराबंकी: ट्रक को बदमाशों ने किया हाईजैक, सवा लाख रुपए नगद लूट कर फरार
रामसनेहीघाट बाराबंकी। अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर एक ट्रक को हाईजैक करके बदमाशों ने उसके चालक से सवा लाख रुपए नगद तथा ट्रक के 6 पहिया लूट कर भाग गए। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद जनपद के नान मऊ गांव निवासी रवि यादव अपने गांव के ही सुखनंदन यादव के साथ स्टेशन रोड मैनपुरी स्थित आर यस यादव ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक संख्या जीजे 12 बी वी 9247 पर खलासी तथा चालक के रूप में काम करते हैं। यह लोग गुजरात से छुहारा लाद करके गोरखपुर मंडी लेकर गए थे। चालक व खलासी का आरोप है कि बुधवार की सुबह वह गोरखपुर में छुहारा उतारने के बाद वहां से एक लाख 20 हजार रुपए भाड़ा लेकर वापस मैनपुरी जा रहे थे।
ये भी पढ़ें- संसद सत्र से जुड़ा नोटिफिकेशन जारी, सांसद पूछ सकेंगे लिखित सवाल
परिचालक रवि यादव ने बताया कि गोरखपुर से वह लोग अयोध्या पार करने के बाद अयोध्या जनपद के रुदौली थाना क्षेत्र में खाना खाने के बाद करीब 11 बजे राजमार्ग पर रानी मऊ के निकट नहर पार करके एक पेट्रोल पंप को देखकर वहीं सड़क के किनारे गाड़ी लगा कर दोनों लोग सो गए। जब उनकी नींद खुली तो ट्रक चलती मिली ट्रक को चलते हुए देख दोनों लोग चिल्लाये मगर बदमाशों ने दोनों चालक और खलासी के मुंह बंद करके उनकी पिटाई शुरू कर दी। ट्रक को लूट कर फरार हो रहे बदमाशों ने रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के लोधे सिंह पुरवा के पास चालक और खलासी के हाथ बांधकर उन्हें ट्रक में ही डाल दिया तथा ट्रक मे लगे 6 पहियों के नीचे जग लगाकर उनके पहिए खोलने के साथ ड्राइवर के पास मौजूद नकदी छीनकर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- Ayodhya News: एक क्लिक में पढ़ें अयोध्या की हर बड़ी खबर
बदमाशों द्वारा ट्रक के पहिए लूट कर फरार हो जाने के बाद ड्राइवर के चिल्लाने से आसपास के लोगों को जानकारी हुई और उन्होंने चालक व खलासी के हाथ पाव खोलकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी, पुलिस उपाधीक्षक पंकज सिंह, तथा कोतवाली निरीक्षक सच्चिदानंद राय ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की। पुलिस अधीक्षक ने एक लाख 20 हजार की नगदी लूट की बात को खारिज करते हुए 7 हजार की नगदी व 6 टायरो की लूट की बात कही है, पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को शीघ्र ही घटना का खुलासा करके बदमाशों को पकड़ने का निर्देश दिया है।
The post बाराबंकी: ट्रक को बदमाशों ने किया हाईजैक, सवा लाख रुपए नगद लूट कर फरार appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





