बात करने के दौरान हाथ में धमाके साथ मोबाइल फोन फटने से सीएचसी का लैब टेक्नीशियन झुलसा

पतारा सीएचसी में मंगलवार सुबह बात करने के दौरान हाथ में धमाके साथ मोबाइल फोन फट गया, जिसमें लैब टेक्नीशियन झुलस गया। दाहिने हाथ के पंजा झुलसने पर आनन फानन उपचार किया गया। वहीं घटना के बाद मोबाइल रखने वालों में दहशत फैल गई और मोबाइल फोन फटने के कारण को लेकर चर्चा करते रहे। हादसे की जानकारी होते ही लोग उससे मोबाइल फोन की कंपनी और मॉडल के बारे में पूछते रहे।
पतारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अरविंद कुमार लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात हैं। अरविंद ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक काल करने के बाद अपने मोबाइल फोन से दूसरी काल डायल कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मोबाइल से धुआं निकला, जबतक वह कुछ समझ पाते धमाके के साथ फोन हाथ में ही फट गया। मोबाइल फोन हाथ से छूटकर फर्श पर जा गिरा। मोबाइल फोन ब्लास्ट होने की जानकारी पर सहकर्मियों, मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जुट गई। अरंविंद के दाहिने हाथ का पंजा बुरी तरह झुलस गया। चिकित्सकों ने हथेली की मरहम पट्टी की। अरविंद ने बताया ब्लास्ट हुआ मोबाइल फोन ब्रांडेड कंपनी का नोट-6 मॉडल का था।





