बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर दर्दनाक हादसे में महिला की मौत, पति जख्मी

बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसे में महिला की जान चली गई और उसका पति जख्मी हो गया। ट्रैक्टर लादकर लखनऊ की ओर जा रहा ट्रेलर मियागंज में बेकाबू और सड़क किनारे मेडिकल स्टोर में घुस गया, जिससे दुकान भर-भराकर ढह गई। वहीं दुकान पर खड़े दंपती चपेट में आ गए। हादसे के बाद भीड़ ने चालक को पीट पीटकर मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
इटावा निवासी चालक सलीम ट्रेलर में ट्रैक्टर लादकर बांगरमऊ से लखनऊ की ओर जा रहा था। आसीवन थाना क्षेत्र के कस्बा मियागंज में ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और किनारे इमरान के मेडिकल स्टोर में घुस गया। दुर्घटना में मेडिकल स्टोर ढह गया और बाहर खड़े मुन्नीलाल और उसकी पत्नी चंदा ट्रेलर की चपेट में आ गईं। हादसे देखते ही लोगों में चीख पुकार मच गई। लोगों के शोर मचाने पर ट्रेलर को बैक किया गया लेकिन तबतक चंदा की मौत हो चुकी थी। लोगों ने आनन-फानन मुन्नीलाल को गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया।
इस बीच दुर्घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे ट्रेलर चालक सलीम को पकड़कर भीड़ ने पीटकर मरणासन्न कर दिया। सूचना पर आई पुलिस ने चालक को किसी तरह भीड़ से बचाया और सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया। असीवन थाना पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लिया है और हंगामा कर रहे लोगों को शांत करा दिया है।





