बहुचर्चित कठुआ हत्या मामला: दोषियों में एक बरी, 6 दोषी करार; उमर-महबूबा ने ट्वीट कर किया फैसले का स्वागत

बहुचर्चित कठुआ हत्या मामले में सोमवार सुबह जिला एवं सत्र न्यायालय पठानकोट ने सात आराेपितों में से छह को दोषी करार दिया है। दोषियों को कितनी सजा दी जाएगी इस पर दो बजे फैसला सुनाया जाएगा। अदालत ने सांझी राम और दीपक खजुरिया को इस कांड में मुख्य दोषी करार दिया है। जबकि सांझी राम के बेटे विशाल जंगोत्रा को अदालत ने बरी कर दिया। अन्य दोषियों में एसपीओ सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल तिलक राज और सब इंस्पेक्टर आनंद दत्ता शामिल हैं। इन पर सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप था।
वहीं कोर्ट के इस फैसले से रसाना गांव के लोग नाखुश हैं। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और सांझी राम के परिजन भी किसी से मिल नहीं रहे हैं। सांझी राम की बेटी ने कुछ देर अपने घर से बाहर आकर मीडिया से यह बात अवश्य कही कि वे अभी भी अपने पिता की बेगुनाही पर अडिंग हैं और उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए वह उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह उनके भाई को इंसाफ मिला है, उनके पिता भी बेगुनाह करार होकर मामले से बरी होंगे।
यह मामला पठानकोट की विशेष अदालत में चल रहा है। इस फैसले पर पूरे देश की निगाहें हैं, वही पीड़िता के परिजन और आरोपी पक्ष के परिजन एवं इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हिंदू एकता मंच के सदस्य भी फैसले को जाने के लिए कोर्ट के बाहर मौजूद थे। कोर्ट का फाइनल फैसला जानने के लिए पठानकोट कोर्ट परिसर के बाहर मीडिया का जमावड़ा लगा हुआ है। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

वहीं कठुआ के रसाना गांव में इस समय सन्नाटा छाया हुआ है। कठुआ मामले में सात में से छह को दोषी करार देने के बाद गांव में कोई भी बोलने को तैयार नहीं है। हर ओर मायूसी छाई हुई है। इस मामले में एक आरोपित विशाल शर्मा को दोष मुक्त किए जाने के बाद उसके परिजनों में थोड़ी राहत जरूर है। लेकिन अन्य सभी को दोषी करार दिए जाने से सभी मायूस हैं। अभी भी गांव के लोग सीबीआई जांच करवाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इसकी सही जांच नहीं हुई है। फिलहाल सभी की निगाहें दो बजे दिए जाने वाले कोर्ट के फैसले पर टिकी हुई हैं। अदालत दोषी करार दिए छह लोगों को सजा सुनाएगी।
उमर-महबूबा ने किया फैसले का स्वागत, कहा दोषियों को मिले कड़ी सजा
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व नेशनल कांफ्रेंस के प्रदेश उपप्रधान उमर अब्दुल्ला ने कठुआ मामले पर पठानकोट विशेष अदालत द्वारा सात आरोपियों में से छह को दोषी करार दिए जाने का स्वागत करते हुए। इस घिनौने कांड में शामिल दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। फैसले पर ट्वीट करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि दोषी कानून के तहत सबसे कठोर सजा के हकदार हैं। जो राजनेता आरोपियों का बचाव कर रहे थे, पीड़ित पक्ष को धमका रहे थे व कानूनी व्यवस्था पर उंगली उठा रहे थे, कि जितनी निंदा की जाए वे कम है।

वहीं पीडीपी प्रधान महबूबा मुफ्ती ने भी अदालत के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमें उन जघन्य मामलों में राजनीतिक करना बंद कर देना चाहिए जहां एक 8 साल की बच्ची को नशा दिया गया, बार-बार बलात्कार किया गया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। आशा है कि हमारी न्यायिक व्यवस्था में खामियों का फायदा नहीं उठाया जा सकेगा और दोषियों को इस जघन्य अपराध के लिए कड़ी सजा मिलेगी।
Live Updates :
11.53 AM : पीड़ित पक्ष के वकील ने अदालत के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि अदालत ने छह आरोपियों को दोषी करार दिया है। छठे आरोपी सुरेंद्र कुमार भी इस दुष्कर्म व हत्या के मामले में शामिल हैं जबकि सातवें आरोपित विशाल जंगोत्रा को अदालत ने बरी कर दिया है।
11.41 AM : पठानकोट जिला एवं सत्र न्यायालय ने कठुआ मामले में पांच आरोपियों को दोषी करार दिया है। इनमें सांझी राम, एसपीओ दीपक खजुरिया, प्रवेश, सब इंस्पेक्टर आनंद दत्ता और कांस्टेबल तिलक राज शामिल हैं। दो आरोपितों पर फैसला आना बाकी है।
11.23 AM : कठुआ मामले की सुनवाई बंद दरवाजे में हो रही है। मीडिया कर्मियों को मुख्य गेट से अब कोर्ट परिसर के तक आने की अनुमति दे दी गई है।
11.10 AM : अभी-अभी कोर्ट के मुख्य गेट के बाहर से मीडिया कर्मियों को बाहर परिसर में आने की अनुमति दी है।

11.08 AM : पीड़ित पक्ष से कोई भी परिजन अदालत का फैसला जाने के लिए अभी तक नहीं पहुंचा है। जहां तक पीड़िता का पिता भी नही पहुंचा है। सिर्फ पीड़िता के वकील इस मामले को उभारने वाले उनके सहयोगी तालिब हुसैन कोर्ट परिसर में पहुंचे हैं। आरोपित पक्ष के सभी सात सदस्यों के परिजन एवं रिश्तेदार मामले की सीबीआई जांच की मांग करने वाले हिंदू एकता मंच के सदस्य कोर्ट परिसर में पहुंच चुके हैं।

11.05 AM : कठुआ मामले के आरोपित के कोर्ट में पहुंचते ही मामले की सुनवाई शुरू हो चुकी है। कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा गया है। सुरक्षा को लेकर पंजाब, जम्मू-कश्मीर पुलिस, कमांडो, दंगा नियंत्रण वाहन और फायर ब्रिगेड तैनात है।
10.55 AM : मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पठानकोट के कोर्ट रोड से लेकर कोर्ट के गेट परिसर में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात है। पूरा कोर्ट परिसर और बाहर का क्षेत्र सुरक्षा छावनी में बदल चुका है। गेट पर किसी को भी बिना अनुमति के अंदर जाने की नहीं जाने दिया जा रहा है। जो भी आ रहा है उसकी पूरी जांच की जा रही है। उसका पूरा पहचान पत्र देखा जा रहा है। वही मीडिया का भी जमावड़ा कोर्ट परिसर के मुख्य गेट के बाहर खड़ा है। इस मामले की जारी सुनवाई के दौरान 2 बजे के बाद संभावित आने वाले फैसले पर सबकी नजरें टिकी हुई है।






