बरसेगी जब खुदा की रहमत , चाँद से रोशन हो जायेगा रमज़ान


”इसी का नाम लिए जाएँगे क़यामत तक,हमारे साथ रहेगी अज़ान भी हम भी”
इबादतों का महीना रमजान करीब है। जल्द ही शहर में रमजान की रौनक बिखर जाएगी। पांच मई को रमजान का चांद देखा जाएगा। ऐशबाग ईदगाह व हुसैनाबाद के ऐतिहासिक सतखंडा में चांद के दीदार के लिए विशेष इंतजाम रहेगा। 29 का चांद होने पर छह मई को पहली रमजान होगी। नहीं तो 30 के चांद के मुताबिक सात मई को पहला रोजा होगा। चांद देखने की रात से ही मस्जिदों में तरावीह की नमाज शुरू हो जाएगी।

”जिन्दगी का हर पल खुशियों से कम ना हो ,आपका हर दिन ईद के दिन से कम ना हो,ऐसा ईद का दिन आप को हमेशा नसीब हो ,जिसमे कोई दुःख कोई गम पास ना हो….रमजान मुबारक….!!!
रमजान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को ऐशबाग ईदगाह में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया फरंगी महल व जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे ऐशबाग ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में नक्खास, अकबरी गेट, बिल्लौचपुरा, मौलवीगंज, गोलागंज, अमीनाबाद, कसाई बाड़ा, मछली मुहाल व हुसैनाबाद सहित अन्य मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में साफ-सफाई की जाए। साथ ही इफ्तार, तरावीह व सहरी के समय बिजली व पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सही किया जाए।





