फायर ब्रिगेड देर से पहुंचने पर लोगों ने हंगामा किया विधायक और भाजपा नेता ने दी आर्थिक मदद

मंधना बाजार में भोर पहर भीषण आग लग गई, एक के बाद एक चपेट में आईं छह दुकानें पूरी तरह जल गई। करीब दो घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इस दौरान करीब पांच घंटे तक जीटी रोड जाम रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाजार में आसपास के दुकानदार आग बुझने तक दहशत रहे।

मंधना बाजार में जीटी रोड किनारे बनी दुकान में रविवार सुबह करीब पांच बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदार और लोग एकत्र हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन तेज लपटों ने आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। दुकानों में भीषण आग लगने की जानकारी पर पास ही चौकी से पहुंची पुलिस ने दमकल को सूचना दी। इससे पहले हार्डवेयर, जनरल स्टोर, इलेक्ट्रानिक समेत छह दुकानें आग की चपेट में आ गईं। सूचना मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद शिवराजपुर की मिनी फायर गाड़ी मौके पर पहुंची तो लोग हंगामा करने लगे और बड़ी गाड़ी बुलाने की मांग की।

बिठूर थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह के कई बार फोन करने के बाद करीब सात बजे फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी आई। तबतक आग विकराल हो चुकी थी। इसके बाद आईं करीब आठ दमकल की गाडिय़ों से साढ़े नौ बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग से अन्नू मोटवानी और गुड्डन त्रिवेदी की इलेक्ट्रानिक की दुकान, अशोक मोटवानी की जर्नरल स्टोर, मीठाराम की हार्डवेयर, हरिश्चंद्र दीक्षित की हार्डवेयर, देवा मोटवानी की बेकरी की दुकाने जलने से करीब सवा करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। घटनास्थल पर पहुंचे विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने एक लाख और भाजपा नेता दिनेश अवस्थी ने एक लाख, ग्राम प्रधान ने 21 हजार की मदद की।

जीटी रोड पर थमा रहा यातायात

मंधना में दुकानों में आग लगने पर जीटी रोड पर यातायात थम गया। जीटी रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 5 घंटे जाम की स्थिति रहने पर पुलिस ने कानपुर से आने वाले ट्रैफिक को तिराहे से बिठूर होते हुए चौबेपुर भेजा। कन्नौज की ओर से आने वाले वाहनों को चौबेपुर से बिठूर कल्याणपुर डाइवर्ट किया। करीब दस बजे यातायात सामान्य हो सका।

Back to top button