पुलिस की सक्रियता ने भटकते हुए गोंडा पहुंची एक वृद्धा को आखिरकार उसके अपनों से मिला दिया

पुलिस की सक्रियता ने भटकते हुए गोंडा पहुंची एक वृद्धा को आखिरकार उसके अपनों से मिला दिया। इसमें सोशल मीडिया ने अहम रोल निभाया। फिलहाल, वृद्धा के परिवारजनों ने पुलिस को धन्यवाद दिया है। एसपी आरपी सिंह ने इसकी सराहना करते हुए कहा है कि इससे पुलिस के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ता है। यातायात निरीक्षक अनेंद्र यादव ने भटकते हुए गोंडा आने वाली वृद्धा के परिवारजनों की खोज के लिए विभिन्न वाट्सएप ग्रुप का सहारा लिया। इसके लिए फेसबुक व अन्य संचार माध्यमों से इसके बारे में जानकारी ली गई। इसकी सूचना देवरिया के डिजिटल वालेंटियर्स ग्रुप पर भी भेजी गई थी। सोशल मीडिया पर वृद्धा की फोटो देख विदेश में नौकरी कर रहे उसके बेटों ने जब यह देखा तो उन्होंने गोंडा पुलिस से संपर्क किया। फोन पर बातचीत के बाद उन्होंने अपने परिवार के सदस्य देवरिया के थाना सलेमपुर निवासी रविशंकर व विवेकानंद को भेजकर मां को मिलवाया। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को धन्यवाद कहा। इसके बाद पुलिस ने महिला को उसके परिवारजनों की सिपुर्दगी में दे दिया है।





