पीएम सहित पूरी लेबनान सरकार ने दिया इस्‍तीफा, चल रहा था सरकार हटाओ का आंदोलन

बेरूत। ले‍बनान के बेरूत में हुए धमाके के बाद पूरे देश में हुए हिसंक प्रदर्शनों के चलते आज लेबनान के पीएम समेत पूरी सरकार ने अपना इस्‍तीफा दे दिया। बता दें कि चार अगस्त को विस्फोट में मरे क़रीब दो सौ लोगों और पांच हज़ार लोगों के घायल होने के बाद देश भर में सरकार हटाओ का आंदोलन चल रहा था।

प्रधानमंत्री हसन दियाब ने अपने मंत्रिमंडल सहित सोमवार को त्याग पत्र दे दिया। उन्होंने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा कि वह जनता की भावना का आदर करते हुए त्याग पत्र दे रहे हैं।

दरअसल लेबनान में पहले से ही आर्थिक संकट था, जिसके बीच कोरोना वायरस भी कहर बरपा रहा था। वहीं सरकार के खिलाफ लचर रवैये और भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे थे। राजधानी बेरूत में हुए धमाकों के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

जांच में यह बात सामने आ रही है कि कई साल से वह विस्फोटक केमिकल, अमोनियम नाइट्रेट, बंदरगाह पर पड़ा था और कई चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद इसकी अनदेखी की गई।

Back to top button