पार्टनर के साथ फिल्म देखना बचा सकता है आपका रिश्ता

आपको सुनकर थोड़ी हैरानी हो सकती है, लेकिन अपने घर में अपने पार्टनर के साथ बैठकर फिल्म देखना आपके टूटते हुए रिश्ते को बचा सकता है। जी हां, सुनने में अटपटा लग सकता है, लेकिन फिल्में सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं हैं। एक्सपर्ट्स मानते हं कि ये कपल्स के बीच बढ़ती दूरियों के कम करने के में थेरेपी का काम भी करती है।

इस तकनीक को फिल्म थेरेपी कहते हैं, जो आज के समय में कपल्स की दूरियां मिटाने का एक असरदार उपाय बनकर सामने आया है। आइए समझें कि कैसे फिल्में रिश्ते को मजबूत बनाने में काम आ सकती हैं।

क्या है फिल्म थेरेपी?
फिल्में महज परदे पर चलने वाली कहानियां नहीं हैं, बल्कि यह एक तरह की थेरेपी बन सकती हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर पार्टनर सही फिल्म चुनें और उसे माइंडफुल तरीके से यानी पूरे फोकस और समझ के साथ, साथ मिलकर देखें, तो यह रिश्ते में फिर से प्यार और अंडरस्टैंडिंग वापस ला सकता है।

इस प्रक्रिया में थेरेपिस्ट आपकी वर्तमान स्थिति के आधार पर विशेष फिल्मों का सुझाव देते हैं। फिल्म देखने के दौरान और उसके बाद, मन में दबी हुई भावनाएं बाहर आती हैं, जिससे पार्टनर के लिए एक-दूसरे के नजरिए को समझना आसान हो जाता है।

नए नजरिए से परेशानी को देखने की क्षमता
फिल्म थेरेपी हमें अपनी समस्याओं को एक नए और निष्पक्ष नजरिए से देखने की शक्ति देती है। जब आप फिल्म में किरदारों को उनके जीवन से समस्याओं से लड़ते और उनसे बाहर आते देखते हैं, तो आपको भी अपनी परेशानियों के लिए एक नया दृष्टिकोण मिलता है।

फिल्मों पर चर्चा से कम होता है तलाक का खतरा
रोचेस्टर यूनिवर्सिटी की एक दिलचस्प स्टडी में यह बात सामने आई है कि जो कपल्स साथ बैठकर फिल्म देखते हैं और उसके मुद्दों पर खुलकर चर्चा करते हैं, उनमें अलगाव या तलाक की आशंका काफी कम हो जाती है। इसका मनोवैज्ञानिक कारण यह है कि अपनी पर्सनल समस्याओं पर सीधे बात करना अक्सर तनाव पैदा करता है। लेकिन जब कपल्स किसी फिल्मी किरदार के संघर्ष या गलतियों पर बात करते हैं, तो वे उसी के बहाने अपनी बात ज्यादा आसानी और बिना किसी हिचकिचाहट के कह पाते हैं।

किरदारों से मिलती है प्रेरणा
एक्सपर्ट्स ऐसी फिल्में देखने की सलाह देते हैं, जो रिश्तों की उलझनों और बारीकियों को गहराई से दिखाती हैं। जब कपल्स परदे पर किरदारों को अपनी समस्याओं, डर और इच्छाओं पर बात करते देखते हैं, तो उन्हें भी अपने मन की अनकही बातें शेयर करने की प्रेरणा मिलती है।

फिल्म के बाद बात करना है जरूरी
फिल्म थेरेपी का सबसे अहम हिस्सा फिल्म खत्म होने के बाद की बातचीत है। कुछ सवालों पर चर्चा करने से कपल्स को यह अहसास होता है कि एक सफल रिश्ते के लिए मेहनत और समय की जरूरत होती है। छोटे-मोटे झगड़े और उतार-चढ़ाव किसी भी स्वस्थ रिश्ते का सामान्य हिस्सा हैं।

Back to top button