पाकिस्तान के विरुद्ध अपरंपरागत स्पिन गेंदबाजी बन सकती है भारतीय बल्लेबाजों का सिरदर्द

कई दिनों तक अगर-मगर की डगर में फंसे रहे भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए कोलंबो तैयार है। पाकिस्तान की टीम हफ्तों से यहां डेरा जमाए है तो भारतीय टीम नई दिल्ली में नामीबिया को हराने के बाद शुक्रवार की रात को यहां पहुंची है। रविवार को होने वाले महामुकाबले से पहले पाकिस्तान की टीम ने शुक्रवार को अभ्यास किया तो उसका सारा जोर अपरंपरागत स्पिनर उस्मान तारिक पर रहा।
इसका कारण भी साफ दिखाई देता है क्योंकि नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की अपरंपरागत स्पिन गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज कमजोर नजर आए थे। पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक भी उसी तरह की गेंदबाजी करते हैं। भारतीय टीम को उसके खतरे से निपटने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
इरास्मस और तारिक दोनों ही मूल रूप से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं लेकिन राउंड आर्म एक्शन के कारण उनका हाथ काफी नीचे रहता था। तारिक तो रुककर गेंद फेंकते हैं जिससे बल्लेबाज कन्फ्यूज हो जाता है। इन असमान्य विविधताओं से निपटने के लिए सूर्य कुमार की टीम को कुछ स्पेशल सोचना होगा।
कोलंबो में भी दिखेगी गर्मी
1947 से भारत और पाकिस्तान के बीच जो हालात हैं वे किसी से छुपे नहीं हैं। पाकिस्तान ने हमेशा अमन की आशा पर कारगिल जैसा धोखा दिया है। यही कड़वाहट पाकिस्तानी क्रिकेट टीम में भी रच बस गई है। पिछले साल दुबई में हुए एशिया कप में यह साफ-साफ देखने को मिला था।
भारत ने उसे लीग सहित फाइनल मुकाबले में धूल चटाई थी लेकिन उनके खिलाड़ी मैदान में भद्दी-भद्दी हरकतों से ही खुद को खुशी महसूस कराने में जुटे थे। यही नहीं जब भारतीय टीम ने फाइनल जीतने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से विजेता ट्रॉफी लेने से मना कर दिया तो वह ट्रॉफी लेकर वहां से भाग गए।
मोहसिन नकवी ने बेशर्मी से अभी तक भारत को ट्रॉफी नहीं दी है। ऐसे में वो गर्मी यहां भी देखने को मिल सकती है। एशिया कप में भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव ने टास के समय तो पूरी टीम ने मैच के बाद पाकिस्तानियों से हाथ नहीं मिलाया था। इस बार इसको लेकर बीसीसीआइ में दोराय है। देखना होगा कि इस बार हाथ मिलते हैं या नहीं।
भारत की तैयारी
अब बात क्रिकेट की करते हैं। नामीबिया के कप्तान इरास्मस ने गुरुवार को राउंड आर्म एक्शन से काफी गेंदें फेंकीं। कई गेंदें उन्होंने स्टंप्स के पीछे से ही फेंकीं जिससे भारतीय बल्लेबाज चकमा खा गए। उन्होंने चार ओवरों में 20 रन देकर चार विकेट लिए। यही नहीं डेथ ओवर में भी इरास्मस भारतीय बल्लेबाजों पर भारी पड़े।
पाकिस्तानी स्पिनर तारिक भी केदार जाधव टाइप गेंदबाजी करते हैं। यही नहीं वह गेंद फेंकने के दौरान रुक जाते हैं। यही कारण है कि उनकी गेंदबाजी की वैधता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कोलंबो की पिच पारंपरिक रूप से धीमी मानी जाती है, जिससे दोनों टीमों के स्पिनरों को काफी मदद मिल सकती है।
भारतीय टीम के ओपनर ईशान किशन से जब पूछा गया कि क्या इरास्मस का सामना करना तारिक के विरुद्ध खेलने के लिए अच्छी तैयारी थी तो उन्होंने कहा कि हमने तैयारी पहले ही कर ली है। अब बस गेंद को देखना और स्वाभाविक खेल खेलना बाकी है। अगर गेंद सही जगह पर पड़ती है तो एक बल्लेबाज के रूप में हम बस आगे बढ़ना चाहते हैं क्योंकि यह एक टी-20 मैच है। हमें अपने मजबूत पक्षों पर भी भरोसा रखना होगा।
तैयारी करने जैसी कोई बात नहीं है। इस स्तर पर हम बस कुछ वीडियो देखते हैं और हमें अंदाजा हो जाता है कि किस तरह की गेंद आने वाली है। कुछ गेंदों के लिए यह बात आपके दिमाग में चल सकती है लेकिन इस स्तर पर आपको अपनी मजबूती पर भी भरोसा रखना होगा। भले ही वह कुछ करने की कोशिश कर रहा होए हम छक्के या चौके लगा सकते हैं। जब गेंदबाज कुछ अलग करने की कोशिश कर रहा होता है तो उस समय हम कैसे सोच रहे होते हैं, यह काफी मायने रखता है।
कुलदीप को शामिल करना होगा
श्रीलंका की पिचें स्पिनरों के लिए मददगार हैं। पाकिस्तान भी यहां स्पिनरों के भरोसे चल रहा है। ऐसे में पाकिस्तान के विरुद्ध महामुकाबले में सूर्य कुमार यादव को कुलदीप यादव को एकादश में लेने के बारे में सोचना चाहिए। कुलदीप पहले ही पाकिस्तान के विरुद्ध काफी कमाल कर चुके हैं। सुनील गावस्कर ने कहा कि पिछले मैच में अर्शदीप ने अपने चार ओवर पूरे नहीं किए जबकि शिवम दुबे ने दो ओवर और हार्दिक ने अपना कोटा पूरा किया।
इससे संकेत मिलता है कि कुलदीप पाकिस्तान के विरुद्ध अर्शदीप की जगह ले सकते हैं। सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के विरुद्ध मैच को ध्यान में रखते हुए ही अपनी गेंदबाजी में बदलाव किये। हार्दिक ने पहला ओवर किया जिससे संकेत मिलता है कि अर्शदीप पाकिस्तान के खिलाफ शायद नहीं खेलेंगे। वरुण चक्रवर्ती ने केवल दो ओवर फेंके और अगर उन्होंने अपने पूरे चार ओवर फेंके होते तो वह पांच या छह विकेट ले लेते।
अभिषेक की फिटनेस पर नजर
पेट में इन्फेक्शन और बुखार के कारण अभिषेक शर्मा को दिल्ली में दो दिन अस्पताल में रहना पड़ा था लेकिन अब वह पहले से बेहतर नजर आ रहे हैं। वह टीम के चार्टर प्लेन के साथ कोलंबो पहुंचे हैं। उनका परिवार भी यह मैच देखने आया है। टीम सूत्रों के अनुसार अभिषेक धीमे-धीमे रिकवर कर रहे हैं। उनके खेलने पर फैसला रविवार की सुबह होगा। शनिवार को देखा जाएगा कि अभिषेक अभ्यास में कैसा कर रहे हैं।





