पहली बार लद्दाख पहुंचे भारत के मुख्य न्यायाधीश, लेह और कारगिल में करेंगे न्यायालय परिसरों का उद्घाटन

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत शुक्रवार को लेह पहुंचे, जहां एयरफोर्स स्टेशन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। उनके आगमन पर स्थानीय प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया।

यह अवसर इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार भारत के किसी मुख्य न्यायाधीश ने लद्दाख का दौरा किया है। उनके इस दौरे को न्यायिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अपने कार्यक्रम के तहत न्यायमूर्ति सूर्यकांत 28 मार्च को लेह में जिला न्यायालय परिसर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद रिनचेन ऑडिटोरियम हॉल में एक मेगा कैंप और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें न्यायिक सेवाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

दौरे के अगले चरण में वह 29 मार्च को कारगिल जाएंगे, जहां वे जिला न्यायालय परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे से लद्दाख क्षेत्र में न्यायिक ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Back to top button