पहली बार कर रहे हैं रेटिनॉइड का इस्तेमाल? तो इन 5 नियमों को बिल्कुल न करें अनदेखा

सोशल मीडिया पर रेटिनॉइड का ट्रेंड काफी बढ़ रहा है। चाहे झुर्रियों को कम करना हो, मुंहासों को रोकना हो या त्वचा की रंगत सुधारनी हो, रेटिनॉइड हर मोर्चे पर कारगर है। हालांकि, इतने फायदों के साथ-साथ इसकी सबसे बड़ी चुनौती इसकी पोटेंसी है।

अगर इसे सही तरीके से इस्तेमाल न किया जाए, तो यह त्वचा में जलन, सूखापन और रेडनेस पैदा कर सकता है। अगर आप पहली बार रेटिनॉइड का इस्तेमाल करने जा रहे हैं, तो इन 5 बुनियादी नियमों का ध्यान रखना आपके लिए बेहद जरूरी है।

लो कॉन्सनट्रेशन से शुरुआत करें
रेटिनॉइड कई प्रकार और पावर में आते हैं। पहली बार में ही सबसे स्ट्रांग फॉर्म का इस्तेमाल करना त्वचा के लिए नुकसानदेह हो सकता है। शुरुआत हमेशा कम प्रतिशत वाले रेटिनोल (जैसे 0.1% या 0.2%) से करें। अपनी त्वचा को इस नए इंग्रिडिएंट की आदत पड़ने दें। जैसे-जैसे आपकी स्किन इसे सहन करने लगे, आप धीरे-धीरे इसकी कॉन्सनट्रेशन बढ़ा सकते हैं।

सैंडविच मेथड अपनाएं
अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है, तो सैंडविच मेथड आपके लिए वरदान साबित हो सकता है। इसमें आप पहले चेहरे पर एक पतली परत मॉइस्चराइजर की लगाते हैं, उसके ऊपर रेटिनॉइड लगाते हैं, और फिर से ऊपर से मॉइस्चराइजर की एक परत लगाते हैं। यह तकनीक रेटिनॉइड के सीधे संपर्क को थोड़ा कम कर देती है, जिससे जलन और सूखापन होने का खतरा काफी हद तक घट जाता है।

सनस्क्रीन लगाना जरूरी है
रेटिनॉइड सेल टर्न ओवर यानी नए सेल्स बनाने में मदद करता है। इसलिए आपकी स्किन सूरज की किरणों की तरफ बहुत ज्यादा सेंसिटिव हो जाती है। इसे हमेशा रात के समय ही लगाएं। साथ ही, अगले दिन चाहे बादल हों या आप घर के अंदर हों, कम से कम SPF 30 या उससे ज्यादा का सनस्क्रीन लगाना बिल्कुल न भूलें। बिना सनस्क्रीन के रेटिनॉइड का इस्तेमाल करना आपकी त्वचा को फायदा पहुंचाने के बजाय उसे डैमेज कर सकता है।

रेटिनॉइड को समय दें
रेटिनॉइड कोई ओवरनाइट मैजिक नहीं है। इसके फायदे दिखने में 3 से 6 महीने का समय लग सकता है। शुरुआत में इसे हफ्ते में सिर्फ दो या तीन बार ही लगाएं। जब आपको लगे कि त्वचा में कोई जलन नहीं हो रही, तब इसे धीरे-धीरे रोजाना इस्तेमाल करना शुरू करें। याद रखें, स्किन केयर में जल्दबाजी अक्सर भारी पड़ती है।

अन्य एक्टिव इंग्रेडिएंट्स के साथ न मिलाएं
रेटिनॉइड लगाते समय अपने रूटीन को सिंपल रखें। जिस रात आप रेटिनॉइड लगा रहे हैं, उस रात विटामिन-सी, ग्लाइकोलिक एसिड या सैलिसिलिक एसिड जैसे एक्टिव्स का इस्तेमाल न करें। इन सबको एक साथ मिलाने से आपकी स्किन बैरियर टूट सकती है, जिससे चेहरा लाल हो सकता है या उसमें खुजली हो सकती है।

Back to top button