पंजाब: तरनतारन से आप विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का निधन

पंजाब: कश्मीर सिंह सोहल कैंसर से पीड़ित थे। अमृतसर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सीएम भगवंत मान ने उनकी माैत पर शोक जताया है।

तरनतारन से आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से कैंसर से पीड़ित थे। बीते कुछ समय से वह अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल थे और वहीं उन्होंने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।

सीएम मान ने जताया शोक
सीएम भगवंत मान ने उनकी माैत पर शोक जताया है। सीएम ने एक्स पर लिखा-तरनतारन से हमारे पार्टी के सम्माननीय विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के आकस्मिक निधन की दुखद खबर मिली। सुनकर बेहद दुःख लगा, वे पार्टी के एक मेहनती और संघर्षशील नेता थे। इस दुख भरी घड़ी में उनके परिवार के प्रति दिल से हमदर्दी। परमात्मा दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार सहित चाहने वालों को इस मुश्किल समय में धैर्य और हिम्मत दे।

2022 में पहली बार विधायक बने
डॉ. सोहल पेशे से चिकित्सक थे और 2022 के विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बने थे। बीमारी के बावजूद वे लगातार जनता से जुड़े रहे और सेवाभाव में सक्रिय रहे। तरनतारन क्षेत्र के लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके निधन से शोक की लहर है। अंतिम संस्कार आज किए जाने की संभावना है, जिसमें आप के वरिष्ठ नेता भी शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button