नेपाल की पहाड़ियां बनी शहर की पहली पसंद

एक तरफ जहां सूरज आग उगल रहा है, मैदान चिलचिलाती धूप से तप रहे हैं, गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ऐसे में ज्यादातर शहरवासी छुट्टियों को बिताने के लिए नेपाल की पहाड़ियों की ओर रुख कर रहे हैं। यहां जाना ज्यादातर शहरियों की पहली पसंद है।
पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों के मुताबिक पोखरा और काठमांडू जाने वाले पर्यटकों की संख्या में चार गुना से ज्यादा का इजाफा हुआ है। ट्रेवल एजेंटों की मानें तो पूरे महीने पोखरा घूमने वाले की संख्या में अभी और बढ़ोत्तरी होगी। रेलवे स्टेशन रोड पर मौजूद ट्रेवल शॉप के संचालक धरम पाठक और बाला ट्रेवेल्स के अंकित उपाध्याय ने बताया कि पर्यटकों की सुविधाएं के लिहाज से कई पैकेज हैं। उनमें संख्या के मुताबिक वाहन, रहना और खाने-पीने की भी व्यवस्था मौजूद है। दिन और रात के मुताबिक पैकेज हैं।
इनके अलावा दार्जिलिंग, सिक्किम, मेघालय, चेरापूंजी, मनाली, शिमला, गंगटोक भी जाने के लिए भी शहरवासियों ने पैकेज बुक किए हैं। हालांकि इनकी संख्या नेपाल की अपेक्षा में काफी कम हैं। ट्रेवल लिंक के शाहाब आलम ने बताया कि छुट्टियों को बिताने के लिए शहरवासियों की पहली पसंद पोखरा और काठमांडू होती है।
ये हैं पैकेज
- पोखरा, काठमांडू और मनोकामना के लिए चार लोगों के पांच दिन का पैकेज – 22-24 हजार रुपये
- दार्जिलिंग, मनाली, सिक्किम के पांच दिन और चार रात का पैकेज चार लोगों के- 35-40 हजार रुपये





