नीदरलैंड्स को हराने में छूट गए पाकिस्‍तान के पसीने, फहीम अशरफ ने बचाई लाज

 पाकिस्‍तान ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 की विजयी शुरुआत जरूर की, लेकिन नीदरलैंड्स को मात देने में उसके पसीने छूट गए। पाकिस्‍तान ने शनिवार को कोलंबो में टूर्नामेंट के पहले मैच में नीदरलैंड्स को तीन गेंदें शेष रहते तीन विकेट से मात दी। फहीम अशरफ (29*) ने पाकिस्‍तान की लाज बचाई।

सिंहलीस स्‍पोर्ट्स क्‍लब (एसएससी) पर खेले गए मुकाबले में नीदरलैंड्स ने पहले बल्‍लेबाजी के आमंत्रण को स्‍वीकार किया और पूरी टीम 19.5 ओवर में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में पाकिस्‍तान ने 19.3 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया।

पाकिस्‍तान को हुई मुश्किल

148 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी पाकिस्‍तान को साहिबजादा फरहान (47) और सैम अय्यूब (24) ने सधी शुरुआत दिलाई। आर्यन दत्‍त ने अय्यूब को वान डर मर्व के हाथों कैच आउट कराकर पाकिस्‍तान को पहला झटका दिया। स्‍कोर 50 पार पहुंचा कि दत्‍त ने पाक कप्‍तान सलमान आगा (12) को लेविट के हाथों कैच आउट करा दिया।

फरहान ने फिर बाबर आजम (15) के साथ तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। यहां वान मीकेरेन ने पाकिस्‍तान को दो तगड़े झटके दिए। उन्‍होंने पहले फरहान को वान डर मर्व के हाथों कैच आउट कराया। फिर दो गेंद के बाद उस्‍मान खान को क्‍लीन बोल्‍ड किया। उस्‍मान खाता नहीं खोल सके। बाबर आजम को मर्व ने क्‍लीन के हाथों कैच आउट कराकर पाकिस्‍तान की मुश्किलें बढ़ा दी।

अशरफ ने बचाई लाज

100 रन पर पाकिस्‍तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। स्‍कोर 114 रन पर पहुंचा तो मोहम्‍मद नवाज (6) और शादाब खान (8) भी डगआउट लौट गए। फहीम अशरफ ने आक्रामक पारी खेलकर पाकिस्‍तान की लाज बचाई और पहले ही मैच में उलटफेर से बचाया।

अशरफ ने 11 गेंदों में दो चौके और तीन छक्‍के की मदद से 29 रन की मैच विजयी पारी खेली। नीदरलैंड्स की तरफ से आर्यन दत्‍त और पॉल वान मीकीरेन को दो-दो विकेट मिले। लोगान वान बीक, काइल क्‍लीन और रोलफ वान डर मर्व को एक-एक सफलता मिली।

डच टीम से नहीं खेल पाया कोई बड़ी पारी

इससे पहले पाकिस्‍तान द्वारा बल्‍लेबाजी के लिए आमंत्रित नीदरलैंड्स ने सधी शुरुआत की। मगर जल्‍द ही उसके ओपनर्स पवेलियन लौट गए। मैक्‍स ओ डाउड (5) को सलमान मिर्जा ने विकेटकीपर उस्‍मान खान के हाथों कैच आउट कराया। फिर नवाज ने लेविट को अफरीदी के हाथों की शोभा बनाया। यह कैच सोशल मीडिया पर हिट हो गया। बाबर आजम और शाहीन ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए रिले कैच पूरा किया।

फिर बास डी लीड (30), कोलिन एकरमैन (20) और कप्‍तान स्‍कॉट एडवर्ड्स (37) ने उपयोगी पारियां खेली, लेकिन टीम को विशाल स्‍कोर तक पहुंचाने में नाकाम रहे। डच टीम के पांच बल्‍लेबाज दहाई संख्‍या में रन नहीं बना सके। पूरी टीम पारी समाप्‍त होने से दो गेंद पहले ही ऑलआउट हो गई।

पाकिस्‍तान की तरफ से सलमान मिर्जा को सबसे ज्‍यादा तीन विकेट मिले। मोहम्‍मद नवाज, अबरार अहमद और सैम अय्यूब को दो-दो विकेट मिले। शाहीन अफरीदी को एक सफलता मिली।

Back to top button