नहीं रहा पान सिंह तोमर का ये ‘हीरो’, मरने से पहले हो गई थी ऐसी हालत

स्लमडॉग मिलेनियर, पीपली लाइव, पान सिंह तोमर, जौली एलएलबी-2 जैसी कई फिल्में करने वाला ये ‘हीरो’ अब नहीं रहा। मरने से पहले देखिए कैसी हालत हो गई थी।

तीन वर्षों से कैंसर से पीड़ित फिल्म कलाकार 52 वर्षीय सीताराम पांचाल का वीरवार सुबह मुंबई में देहांत हो गया। उनके देहांत की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे नरवाना में शोक की लहर दौड़ गई।
नरवाना के बीरबल नगर निवासी फिल्म कलाकार सीताराम पांचाल पिछले 15 वर्षों से मुंबई में फिल्मों में काम कर रहे थे। उन्होंने पान सिंह तोमर, पीपली लाइव, जॉली एलएलबी 2, स्लमडॉग मिलिनेयर, बैंडिट क्वीन सहित लगभग दो दर्जन फिल्मों में काम कर बॉलीवुड में खास पहचान बनाई थी।
1989 में छन्नो, इन विच एनी गीव्स इट दोज वंस, 1994 में शेखर कपूर की बैंडिट क्वीन,2001 में अजय देवगण के साथ फिल्म लज्जा,2001 में राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने वाली पहली हरियाणवी फिल्म लाडो, द वारियर,2002 में नाना पाटेकर के साथ शक्ति द पावर में मंत्री के रोल में नजर आए।
इसके अलावा 2002 में ही लीजेंड आफ भगत सिंह, 2003 में खुशी, 2004 में सौ झूठ एक सच, 2005 में बिहाइंड द मिरर, 2008 में हल्ला बोल और स्लमडाग मिलेनियर, 2010 में पीपली लाइव, 2010 में स्ट्रीकर, 2011 में साहिब बीबी और गैंगस्टर, 2012 में अर्जुन द बारियर, 2012 में पान सिंह तोमर और पाकाऊ…
2013सारे जहां से महंगा और अम्मा की बोली, 2015 में बंपर ड्रा, 2016 में रेबेलियस फ्लावर, 2016 में भौरी और इसी साल रिलीज हुई अक्षय कुमार के साथ जौली एलएलबी टू जैसी चुनिंदा फिल्मों में सीताराम पांचाल ने अपने अभिनय किया।
पांचाल पिछले तीन वर्षों से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। बीमारी के कारण फिल्मों में काम बंद हो गया और इलाज कराते कराते आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। परिवार के सदस्यों सहित कई मित्रों ने भी उनकी सहायता की। पांचाल ने पिछले दिनों अपनी फेसबुक पर लिखा था ‘भाइयों मेरी हेल्प करो, मेरी कैंसर से हालत खराब होती जा रही है। आपका कलाकार भाई सीताराम पांचाल।’
इसके बाद उनके कई मित्र मदद करने के लिए आगे आए। प्रदेश सरकार ने भी इलाज के लिए पांच लाख रुपये दिए थे। सीताराम पांचाल को कैंसर के बारे में वर्ष 2014 में पता लगा था। बीमारी की हालत में ही उन्होंने फिल्म जॉली एलएलबी में काम किया। पिछले 10 माह से वह बेड पर थे।
कविता जैन ने की थी पांचाल की पत्नी से बात
प्रदेश की स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने सीताराम पांचाल की पत्नी उमा से बात कर जल्द ठीक होने की दुआ की थी। सीताराम पांचाल के भाई जगदीश पांचाल ने बताया कि वीरवार सुबह आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उसके बाद वह परिवार के कई सदस्यों के साथ मुंबई पहुंचा।





