‘नमो युवा रन’ में नशा मुक्त भारत का संकल्प, सीएम बोले- युवा एक कदम बढ़ाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 75 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी है और जल्द ही 25 हजार और नियुक्तियां की जाएंगी। साथ ही, राइजिंग राजस्थान समिट के माध्यम से नए उद्योग स्थापित होंगे, जिनसे निजी क्षेत्र में हजारों रोजगार अवसर मिलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने रविवार को अमर जवान ज्योति पर ’नमो युवा रन-नशा मुक्त भारत के लिए’ मैराथन का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री भजन शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया और युवाओं को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश और राज्य की ताकत हैं। यदि युवा एक कदम आगे बढ़ेंगे तो राजस्थान सौ कदम तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने युवाओं से नशे को पूरी तरह छोड़कर स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के कल्याण और विकास के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक 75 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी जा चुकी है। साथ ही आगामी दिनों में और 25 हजार नियुक्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट में हुए समझौतों के आधार पर स्थापित होने वाले उद्योगों से निजी क्षेत्र में हजारों नए रोजगार अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने युवाओं से मेहनत, अनुशासन और लगन को जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि 21वीं सदी भारत और भारत के युवाओं की ही होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर राज्य सरकार ’सेवा पखवाड़ा’ मना रही है। इसके तहत ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान तक राहत पहुंचाई जा रही है।

इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक जितेंद्र गोठवाल और गोपाल शर्मा, जयपुर ग्रेटर उप महापौर पुनीत कर्णावत, भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित चैची, जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल, प्रदेश मंत्री अशोक सैनी, भूपेंद्र सैनी और आरसीए एडहॉक समिति संयोजक डीडी कुमावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते युवाओं ने नशा मुक्त भारत और स्वस्थ जीवन के संकल्प को मजबूत किया।

Back to top button