धर्म नगरी हरिद्वार के लिए रोडवेज बस सेवा यात्रा शुरू

हरिद्वार को जाने वाली बस सेवा का शनिवार को एआरएम ने झंडी दिखाकर रवाना किया। बस के रवाना होने से पूर्व उसे फूलों से सजाया गया था। इसके साथ ही धर्म नगरी को जाने वाले बस में यात्रियों को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के शहर के डिपो से कई साल पहले हरिद्वार को जाने वाली बस सेवा का शुभारंभ हुआ था। लेकिन यह बस कुछ माह बाद चलने के बाद बंद हो गई थी। इस बस के बंद होने से देवभूमि की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतें होने लगी। शहर से जाने वाली इस बस को पुन: चलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. प्रत्युष दुबे ने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से पहल शुरू कर दी थी। ढाई साल से लगे भाजपा नेता की पहल ने शनिवार को रंग दिखाना शुरू कर दिया। शनिवार को निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक विजय कुमार गंगवार हरिद्वार को जाने वाली बस को झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां भाजपा नेता डॉ.प्रत्युष दुबे ने फूलों से सजी बस का वैदिक मंत्रों के साथ पूजन किया। इस बस के शुरू होने से यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बस को ले जाने वाले ड्राइवर शशिकांत व परिचालक सूरजपाल का माला पहना कर स्वागत किया। इस मौके पर नीलम शर्मा,सक्षम सिंह,राजेश मिश्रा, सतेन्द्र दिवाकर,मनोज राठौर,अमित दुबे, राजेश दुबे, एपी खां,पीसी सक्सेना, नरायन तिवारी, श्यामवीर सिंह,कौशल,संदीप यादव, सतेन्द्र याव, सईद खां आदि मौजूद रहे।
हरिद्वार जाने वाली बस का ऐसा होगा रूट
शहर के डिपो से चलने वाली बस सुबह से 7.50 बजे रवाना होगी। यह बस प्रतिदिन फर्रुखाबाद के रास्ते बरेली, मुरादाबाद,रामपुर, नजीबाबाद से होती हुई हरिद्वार पहुंचेगी। इसके बाद वहां से इसी रास्ते से वापस होती हुई बस स्टेशन पहुंचेगी।





