‘देश और नारी शक्ति माफ नहीं करेगी’, राष्ट्रपति मुर्मु पर TMC की टिप्पणी पर पीएम मोदी का तीखा हमला

महिला दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को लेकर की गई टिप्पणी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश और नारी शक्ति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस अपमान को कभी माफ नहीं करेंगी।
कार्यक्रम स्थल बदलने से शुरू हुआ विवाद
यह विवाद पश्चिम बंगाल में आयोजित 9वें इंटरनेशनल संथाली कॉन्क्लेव के कार्यक्रम स्थल को बदलने और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य मंत्रियों की गैरमौजूदगी के बाद सामने आया।
इस फैसले से न केवल राष्ट्रपति बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई।
राष्ट्रपति को नहीं पसंद आया वेन्यू परिवर्तन
शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्राइबल कम्युनिटी कॉन्क्लेव में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम पहले बिधाननगर में आयोजित होना था, लेकिन भीड़ का हवाला देकर इसे बागडोगरा एयरपोर्ट के पास गोशाईपुर की एक छोटी जगह पर शिफ्ट कर दिया गया।
नाम न बताने की शर्त पर अधिकारियों ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि यह बदलाव राष्ट्रपति को पसंद नहीं आया। उन्होंने दुख जताया कि दूर स्थान होने की वजह से स्थानीय लोग सम्मेलन में शामिल नहीं हो पाए।
सिलीगुड़ी के पास फांसीदेवा में एक सभा को संबोधित करते हुए, संथाल समुदाय से आने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि शायद प्रशासन को उम्मीद थी कि कोई भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएगा और राष्ट्रपति को वापस लौटना पड़ेगा।
ममता मेरी छोटी बहन जैसी हैं: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति मुर्मू ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी छोटी बहन बताते हुए हैरानी जताई कि क्या वह उनसे नाराज हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जब राष्ट्रपति किसी राज्य का दौरा करती हैं, तो मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहते हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री मैडम नहीं आईं। मैं भी बंगाल की बेटी हूं। क्या मुझे बंगाल आने की इजाजत नहीं है? ममता दीदी मेरी छोटी बहन जैसी हैं। शायद वह मुझसे नाराज हैं, इसलिए कार्यक्रम इतनी दूर रखा गया। लेकिन कोई बात नहीं।”
ममता बनर्जी का पलटवार
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पूरे विवाद पर पलटवार करते हुए राष्ट्रपति पर भाजपा के कहने पर राजनीति करने का आरोप लगाया। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, बनर्जी ने कोलकाता में एक प्रदर्शन स्थल पर कहा कि भाजपा इतना नीचे गिर गई है कि वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का इस्तेमाल राज्य को बदनाम करने के लिए कर रही है।
जब राष्ट्रपति मुर्मू ने यह सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में क्यों नहीं आईं, तो ममता बनर्जी ने कहा कि खासकर इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले उनके लिए हर कार्यक्रम में शामिल होना हमेशा संभव नहीं होता।





