दुष्कर्म और बॉडी शेमिंग की धमकी से डरी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर RJ Princy Parikh

David Miller RJ Princy Parikh: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए टी20 विश्व कप सुपर-8 मैच के बाद सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर RJ Princy Parikh ने डेविड मिलर के साथ एक वीडियो शेयर किया था। अब पारिख ने आरोप लगाया है कि उन्हें इस वीडियो के बाद दुष्कर्म की धमकियां मिल रही हैं और बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने रील डिलीट कर दी है।
David Miller RJ Princy Parikh। टी20 वर्ल्ड कप के बीच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रिंसी पारिख को ऑनलाइन ट्रोलिंग और गंभीर धमकियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने साउथ अफ्रीका के क्रिकेटर डेविड मिलर (David Miller) के साथ बनाई अपनी वायरल इंस्टाग्राम रील को डिलीट कर दिया, क्योंकि उन्हें बड़ी संख्या में आपत्तिजनक संदेश और दुष्कर्म की धमकियां मिलने लगी थी।
David Miller के साथ रील बनाना RJ Princy Parikh को पड़ा भारी
दरअसल, ये रील भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa)
के मैच के बाद पोस्ट की गई थी। उस मुकाबले में डेविड मिलर ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई और भारत को टूर्नामेंट में पहली हार का सामना करना पड़ा। वीडियो में प्रिंसी पारिख स्लो-क्लैप करते हुए मिलर के आसपास घूमती नजर आ रही थीं। उन्होंने इसे क्रिकेट राइवलरी के मजाकिया अंदाज में बनाया था।
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, ‘क्या खिलाड़ी हैं डेविड मिलर!’ वहीं वीडियो के अंदर टेक्स्ट था, ‘मुझे लगा था कि हम दोस्त हैं डेविड!’ यह रील तेजी से वायरल हो गई।
हालांकि कई यूजर्स ने इस वीडियो को हल्के-फुल्के खेल भावना के रूप में लिया, लेकिन कुछ लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। प्रिंसी के मुताबिक, मामला सिर्फ आलोचना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें ग्राफिक और डरावनी धमकियां मिलने लगीं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि वे सैकड़ों बॉडी-शेमिंग कमेंट्स और आपत्तिजनक मैसेज से मानसिक रूप से परेशान हो गई थीं।
प्रिंसी ने साफ कहा कि वे इस मामले में पुलिस शिकायत दर्ज कराएंगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि धमकी देने वाले लोगों के यूजरनेम सार्वजनिक किए जा सकते हैं, ताकि समाज को पता चले कि ऑनलाइन दुर्व्यवहार करने वालों की पहचान छिपी नहीं रहनी चाहिए। यह मामला सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न को लेकर एक नई बहस छेड़ रहा है।
इरफान ने मिलर और ब्रेविस की तारीफ की
इस बीच पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने साउथ अफ्रीका की संयमित बैटिंग की तारीफ की। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘जिल तरह साउथ अफ्रीका के तीन विकेट गिरे, उस समय बुमराह शानदार गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन फिर मिलर ने अपना अनुभव दिखाया। 6 विश्व कप खेलने का अनुभव साफ नजर आया। उन्होंने ठीक उसी समय अर्धशतक लगाया, जब टीम को सबसे ज्यादा उनकी जरूरत थी।
पठान ने डेवाल्ड ब्रेविस की 45 रन की पारी को निर्णायक बताया। उन्होंने कहा, ब्रेविस की 45 रन की पारी बहुत अहम थी। अगर वह साझेदारी नहीं होती तो दक्षिण अफ्रीका मैच नहीं जीत पाता। उन्होंने शुरुआत में धैर्य दिखाया और फिर टीम को स्थिरत दी।





