दिसंबर तक लॉन्च हो सकते हैं Lenskart के AI स्मार्ट ग्लासेस

Peyush Bansal की कंपनी Lenskart ने अपने अगले-जेनरेशन AI स्मार्ट ग्लासेस- B by Lenskart की घोषणा की है। ये कंपनी के फरवरी में लॉन्च हुए Phonic Smart Glasses के बाद दूसरा स्मार्ट वियरेबल होगा। नए ग्लासेस में Qualcomm Snapdragon AR1 Gen 1 चिप, Sony कैमरा और Gemini 2.5 Live AI असिस्टेंट मिलेगा। डेवलपर्स दिसंबर 2025 तक इसके लिए ऐप्स बनाना शुरू कर सकेंगे।

पीयूष बंसल की कंपनी Lenskart अपने नेक्स्ट-जेनरेशन स्मार्ट ग्लासेस B by Lenskart लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ये कंपनी के फरवरी में आए Lenskart Phonic Smart Glasses के बाद दूसरा AI-पावर्ड स्मार्ट वियरेबल होगा। Lenskart ने बताया है कि वह अपने इन नए AI स्मार्ट ग्लासेस को देश के डेवलपर्स के लिए उपलब्ध कराएगा ताकि वे इसके लिए ऐप्स बना सकें। साथ ही, कंपनी अपने अपकमिंग वियरेबल्स को दूसरे देशों में भी लॉन्च करने की योजना बना रही है। हाल ही में कंपनी ने खुलासा किया था कि इस नए वियरेबल लाइनअप को Snapdragon चिपसेट से पावर किया जाएगा। अब कंपनी ने कन्फर्म किया है कि B by Lenskart स्मार्ट ग्लासेस में Qualcomm का Snapdragon AR1 Gen 1 प्रोसेसर मिलेगा। इसके साथ कंपनी ने ये भी बताया कि वह जल्द डेवलपर्स को अपने स्मार्ट ग्लासेस के लिए ऐप्स बनाने की अनुमति देगी।

डेवलपर्स को ऐप बिल्डिंग में मदद करेगा Lenskart

इंडियन आईवियर सॉल्यूशंस कंपनी Lenskart ने घोषणा की है कि वह जल्द ही भारत के डेवलपर्स को B by Lenskart AI कैमरा स्मार्ट ग्लासेस के लिए ऐप्स बनाने की सुविधा देगी। पीयूष बंसल की नेतृत्व वाली कंपनी का कहना है कि इससे फूड डिलीवरी, एंटरटेनमेंट और फिटनेस जैसी कैटेगरीज में ‘सीमलेस इंटीग्रेशन’ संभव होगा। Lenskart ने बताया कि इसके नए वियरेबल्स ‘भारत में डिजाइन और इंजीनियर’ किए गए हैं लेकिन इन्हें ग्लोबल मार्केट के लिए भी तैयार किया जा रहा है, यानी ये भारत के साथ दूसरे देशों में भी बेचे जा सकते हैं।

इसके अलावा, कंपनी ने ये भी बताया कि वह B by Lenskart को दिसंबर 2025 के आखिर तक लॉन्च करने की योजना बना रही है। स्मार्ट ग्लासेस का वजन करीब 40 ग्राम होगा और कंपनी का दावा है कि ये ‘कंपेरेबल स्मार्ट ग्लासेस’ से लगभग 20% हल्का होगा। B by Lenskart AI स्मार्ट ग्लासेस को Qualcomm के Snapdragon AR1 Gen 1 चिपसेट से पावर किया जाएगा।

फीचर्स और टेक्नोलॉजी

B by Lenskart में एक इंटीग्रेटेड Sony कैमरा दिया जाएगा जो फोटो और वीडियो कैप्चर करने में सक्षम होगा। इसमें Gemini 2.5 Live-पावर्ड AI असिस्टेंट भी होगा, जो यूजर्स को ‘नेचुरल और ह्यूमन-लाइक इंटरैक्शन’ का एक्सपीरिएंस देगा। स्मार्ट ग्लासेस हैंड्स-फ्री UPI पेमेंट, लाइव ट्रांसलेशन और ‘वेल-बीइंग इनसाइट्स’ जैसी खूबियों को भी सपोर्ट करेंगे।

Lenskart के CEO और को-फाउंडर पीयूष बंसल ने हाल ही में Snapdragon for India XR Day इवेंट के दौरान कन्फर्म किया कि कंपनी के अपकमिंग सभी स्मार्ट ग्लासेस Snapdragon चिप्स पर चलेंगे।

B by Lenskart कंपनी के स्मार्ट ग्लासेस का सेकंड पेयर होगा। Lenskart Phonic Smart Glasses इस साल फरवरी में भारत में लॉन्च किए गए थे, जिनकी कीमत 4,000 रुपये रखी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button