दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसमान में शुक्रवार सुबह बादल छाये रहे और शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि दिन के दौरान बहुत हल्की बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ सकते हैं और आसमान में आमतौर पर बादल छाये रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे नमी का स्तर 93 प्रतिशत दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह बारिश न केवल प्रदूषण कम करने बल्कि सर्दी बढ़ाने के लिए भी काफी अहम है। इसके बाद अगले दिनों में दो से तीन डिग्री तक पारे में और कमी आ जाएगी। बुधवार को तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी आ सकती है। मौसम से इसे बड़ा बदलाव कहा जा सकता है।





