दरभंगा से बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान होगी शुरू, यात्रियों की परेशानी हुई खत्म

दरभंगा एयरपोर्ट से 6 अप्रैल से अकासा एयर की बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। यह उत्तर बिहार के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत है क्योंकि पहले उन्हें कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए पटना या वाया हैदराबाद जाना पड़ता था।
दरभंगा एयरपोर्ट से अकासा एयर बेंगलुरु के लिए 6 अप्रैल से सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। इसके लिए टिकट की बुकिंग भी कंपनी की ओर से शुरू कर दी गई है। यह उत्तर बिहार के हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है, क्योंकि दरभंगा से बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान बंद होने के कारण लोगों को पटना से विमान पकड़ना पड़ता था।
कनेक्टिंग फ्लाइट से मिलेगी राहत
दरभंगा और बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्हें या तो वाया हैदराबाद जाना पड़ता था या फिर सीधी उड़ान के लिए पटना एयरपोर्ट का रुख करना पड़ता था। अब कनेक्टिंग फ्लाइट से मुक्ति मिलेगी।
सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध रहेगी सुविधा
बताया जा रहा है कि फिलहाल यह सेवा सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध रहेगी। कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से सुबह 9:40 बजे उड़ान भरकर विमान दोपहर 12:15 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेगा। वहीं, दरभंगा से दोपहर 12:50 बजे प्रस्थान कर विमान दोपहर 3:30 बजे बेंगलुरु पहुंचेगा।
दरभंगा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी मजबूत होगी
दरभंगा और बेंगलुरु के बीच सीधी विमान सेवा शुरू होने से यात्रियों को घर आने-जाने में सुगमता होगी। इस नई सेवा से दरभंगा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। गौरतलब है कि दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और सीतामढ़ी के हजारों युवा बेंगलुरु में आईटी और अन्य क्षेत्रों में कार्यरत हैं।
होली की वजह से टिकट मंहगी
हालांकि, होली के त्योहार के कारण वर्तमान में हवाई यात्रा काफी महंगी हो गई है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। मजबूरी में लोग महंगे टिकट लेकर यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में सीधी उड़ान सेवा की फिर से घोषणा होने पर लोगों में खुशी देखी जा रही है। प्रमंडलीय चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका ने कहा कि कनेक्टिंग फ्लाइट से यात्रियों का काफी समय और पैसा दोनों खर्च होता है। अब अकासा एयर द्वारा सीधी उड़ान सेवा शुरू किए जाने से दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।





